होर्मुज पार किए बिना लौट गए दोनों जहाज
US Iran War Ceasefire, (द भारत ख़बर), वॉशिंगटन डीसी: होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे दो भारतीय व्यापारी जहाजों पर शनिवार दोपहर गोलीबारी हुई। इसमें एक तेल जहाज भी था। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड की दो गनबोट्स टैंकर्स के पास आई और बिना रेडियो चेतावनी फायरिंग शुरू कर दी।
इसके बाद दोनों भारतीय जहाज होर्मुज पार किए बिना लौट गए। जहाज और उसके क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। एक भारतीय जहाज लगभग 20 लाख बैरल इराकी तेल लेकर जा रहा था। वहीं अमेरिका और ईरान की टीमें सोमवार को फिर से पाकिस्तान में बातचीत कर सकती हैं। दोनों पक्षों ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
विदेश मंत्रालय ने ईरान के राजदूत डॉ. मोहम्मद फथअली को किया तलब
घटना के बाद भारत के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को भारत में तैनात ईरान के राजदूत डॉ. मोहम्मद फथअली को तलब किया। भारत ने फायरिंग पर विरोध दर्ज किया है। ईरान ने आज होर्मुज को बंद करने का ऐलान किया था। ईरान का आरोप था कि अमेरिका सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है इसलिए 24 घंटे के भीतर उसने फैसला बदल लिया।
ईरान ने फिर से होर्मुज स्ट्रेट को किया बंद
ईरान ने फिर से होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया है। ईरान ने शुक्रवार को इसे खोलने का ऐलान किया था। लेकिन अब इस समुद्री रास्ते पर पाबंदियां लगा दी गई हैं। ईरान का आरोप है कि अमेरिका सीजफायर डील को तोड़ रहा है इसलिए अब होर्मुज से जहाजों की आवाजाही पूरी तरह सेना के कंट्रोल में होगी।
ईरान ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक अमेरिका उसके बंदरगाहों पर लगी नाकेबंदी नहीं हटाता, तब तक वह होर्मुज से जहाजों को गुजरने नहीं देगा। दरअसल, अमेरिका ने होर्मुज से नाकेबंदी हटाने से इनकार कर दिया है। ट्रम्प का कहना है कि जब तक ईरान अमेरिका के साथ समझौता नहीं करता, तब तक यह जारी रहेगी।
हर हालत में ईरान के पास मौजूद एनरिच्ड यूरेनियम लेकर रहेगा अमेरिका
ट्रम्प ने यह भी कहा कि अमेरिका हर हालत में ईरान के पास मौजूद एनरिच्ड यूरेनियम लेकर रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर बातचीत से समझौता नहीं हुआ, तो यह काम और ज्यादा सख्त तरीके से भी किया जा सकता है।
ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने ईरान से होर्मुज खोलने की अपील की
ब्रिटेन की विदेश मंत्री यवेट कूपर ने ईरान से अपील की है कि वह होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही पूरी तरह से फिर से शुरू करने की अनुमति दे। तुर्किये में एक कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा, हम एक अहम कूटनीतिक मोड़ पर हैं, जहां अब सीजफायर लागू हो चुका है।
लेकिन होर्मुज से अभी भी सामान्य आवाजाही शुरू नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि युद्धविराम को एक स्थायी शांति में बदलने की जरूरत है, और साथ ही यह भी जोड़ा कि यह जलमार्ग वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बेहद जरूरी है।
ये भी पढ़ें : Women Reservation Bill: अपर्णा यादव की अगुवाई में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने लखनऊ में किया जोरदार प्रदर्शन

