वीडियो वायरल होने के बाद तनाव, पुलिस मामले की जांच में जुटी
Jammu-Kashmir Breaking News (द भारत ख़बर), जम्मू-कश्मीर : जम्मू-कश्मीर के डोडा में स्थिति उस समय तनावपूर्ण बन गई जब कुछ शरारती तत्वों ने कुछ जगह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिफ मुनीर समर्थन में नारे लिखे पोस्टर लगाए। उक्त लोगों ने न केवल पोस्टर लगाए बल्कि पोस्टर लगाते समय वीडियो बनाकर इसे सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। इस वीडियो के वायरल होते ही क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति को तुरंत संभालते हुए किसी भी तरह कि अप्रिय घटना नहीं होने दी।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि एक व्यक्ति गणपत ब्रिज के पास निमार्णाधीन नेपली फ्लाईओवर पर पोस्टर लगा रहा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आरोपियों की पहचान करने और जनव्यवस्था बनाए रखने के प्रयास जारी हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, सोशल मीडिया पर एक छोटा सा वीडियो वायरल हुआ है। इसमें पोस्टर चिपकाया जा रहा था। इसमें जियोटैगिंग भी चालू थी।
पोस्टर पर बने शहबाज और मुनीर के चित्र
पोस्टर में सबसे ऊपर शहबाज और आसिफ मुनीर की तस्वीर छपी है। इसमें कुछ और लोग भी नजर आ रहे हैं। बाएं ओर पाकिस्तानी झंडा है। फोटो के नीचे हरे रंग के बैकग्राउंड में सफेद रंग में उर्दू में आपत्तिजनकर शब्द लिखे हैं। इसमें पाकिस्तान के समर्थन में नारे लिखने के साथ ही शहबाज और मुनीर की तारीफ में कसीदे गढ़े गए हैं। पोस्टर पर जम्मू कश्मीर यूथ मूवमेंट नाम के एक संगठन का जिक्र है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि वीडियो असली है या कृत्रिम रूप से बनाया गया है। फिलहाल इसकी प्रामाणिकता के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ तकनीकी निगरानी के जरिए पोस्टर लगाने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।
लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
वीडियो वायरल होने के बाद जैसे ही स्थिति तनावपूर्ण बनी। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर यकीन न करने की सलाह दी। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को विश्वास दिलाया कि एफआईआर दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द ही इस घटना को अंजाम देने के आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।
ये भी पढ़ें : West Bengal Voting Live : पश्चिमी बंगाल में 142 सीटों पर आज होगी वोटिंग

