Jamui minor girl molestation: सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ वाले वीडियो को लेकर जमुई पुलिस हरकत में आ गई है। छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने वाले आरोपियों की पहचान कर ली गई है। इनमें से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बाकी की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी की टीम जगह-जगह छापेमारी कर रही है।
SIT का गठन
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में जमुई थाने में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जिले के एसपी विश्वजीत दयाल के आदेश पर अनुमंडल पदाधिकारी दिप्ति मोनाली के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी (SIT) का गठन कर छापेमारी की जा रही है। वायरल वीडियो में आरोपियों की पहचान कर लगी गई है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो मामले में जमुई पुलिस की त्वरित कार्रवाई: S.I.T. गठित, तीन आरोपी गिफ्तार।#jamuiPolice#BiharPolice#haityaarham pic.twitter.com/G5JRwfr0dU
— JAMUI POLICE (@JamuiPolice) September 21, 2026
क्या है मामला?
वायरल वीडियो में स्कूटी से जा रहे छात्र-छात्रा को सड़क पर कुछ युवक रोकते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उनके साथ अभद्र व्यवहार और कथित तौर पर प्रताड़ित किए जाने का दृश्य नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह घटना जमुई जिले की है।
घूमकर लौटने के दौरान रोका
बताया जा रहा है कि घटना शनिवार शाम की है। जानकारी के अनुसार दोनों नाबालिग 10वीं कक्षा के छात्र-छात्रा हैं और जमुई शहर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दोनों शनिवार को कोचिंग करने के बाद स्कूटी से मड़वा पहाड़ घूमने गए थे। लौटने के दौरान सड़क पर कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया। इसी दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया।
सीएम को टैग कर कार्रवाई की मांग
घटना से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। इनमें एक वीडियो करीब एक मिनट दो सेकंड और दूसरा करीब 35 सेकंड का बताया जा रहा है। वीडियो को एक्स पर पिंकी प्रज्ञा नाम के वेरिफाइड यूजर ने पोस्ट किया है। पोस्ट में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।

