- 9 मई को गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की वर्षगांठ पर शपथ ग्रहण की उम्मीद
West Bengal New Govt, (द भारत ख़बर), कोलकाता: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नई सरकार का गठन इसी सप्ताह हो सकता है। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है। उन्होंने बताया कि बीजेपी ने नई सरकार बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं और 10 मई से पहले शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है।
अमित शाह के साथ जल्द होगी बैठक
भारतीय जनता पार्टी के शुभेंदु अधिकारी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ सरकार बनाने पर जल्द एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। आज देर रात या बुधवार को यह मीटिंग हो सकती है। दरअसल, 9 मई को गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की वर्षगांठ है, इसलिए इसी तारीख को शपथ ग्रहण हो सकता है।
मीटिंग में ये नेता हो सकते हैं शामिल
नई सरकार के गठन की रूपरेखा बनाने के लिए दिल्ली में अमित शाह के साथ होने वाली मीटिंग में शामिल होने वाले भाजपा के बड़े नेताओं में शुभेंदु अधिकारी के अलावा, सुनील बंसल, समिक भट्टाचार्य, अमित मालवीय, बिप्लब देब और भूपेंद्र यादव बताए जा रहे हैं। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन भी बैठक में मौजूद रहेेंगे। बैठक में नई कैबिनेट के साथ ही राज्य में आगे की राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से बातचीत होगी।
सरकार की शुरुआत के लिए प्रतीकात्मक अवसर
सूत्रों के मुताबिक बंगाल की परंपरा व संस्कृति को देखते हुए शपथ ग्रहण के समय को लेकर खास ध्यान दिया जा रहा है। 9 मई को रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के चलते यह दिन सरकार की शुरुआत के लिए एक प्रतीकात्मक व बेहतर अवसर हो सकता है।
भवानीपुर से हारीं ममता बनर्जी
बता दें कि भाजपा ने राज्य बंगाल में अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए 294 में से 206 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया है। सत्तारूढ़ ममता बनर्जी की टीएमसी को केवल 80 सीटें मिली हैं। ममता खुद भवानीपुर से हार गई हैं। हार के बाद ममता ने बीजेपी पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए 100 सीटों पर काउंटिंग में धांधली का आरोप लगाया है।
ये भी पढ़ें : PM Modi News : भाजपा के हर कार्यकर्ता ने कमाल कर दिया : मोदी

