Haryana News: रियल एस्टेट में सीनियर सीटिजंस होम रियल्टर्स के लिए निवेश का एक नया विकल्प बनकर उभरा है। लग्जरी और सुरक्षित आवास की चाहत रखने वाले सीनियर सिटिजंस खुलकर निवेश कर रहे हैं। रियल एस्टेट कंपनी डीएलएफ ने गुरुग्राम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए बनाई जा रही अपनी आवासीय परियोजना के सभी 172 घर 1,985 करोड़ रुपये में बेचे हैं। कंपनी ने रविवार को यह जानकारी दी।
‘द ऑरेवा’ के सभी मकान बिके
देश की सबसे बड़ी रियल एस्टेट कंपनियों में शामिल डीएलएफ ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए हाल में शुरू किए गए ‘द ऑरेवा’ प्रोजेक्ट के सभी घर बिक गए हैं। यह प्रोजेक्ट गुरुग्राम के सेक्टर 63 में 4.17 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही है।
एक अपार्टमेंट 11.5 करोड़ का
डीएलएफ ने कहा, ”इस परियोजना से करीब 1,985 करोड़ रुपये की बिक्री हुई है। यह वरिष्ठ नागरिकों के लिए ऐसी लग्जरी आवासीय इकाइयों की बढ़ती मांग को दर्शाता है, जहां सुविधाओं के साथ स्वास्थ्य, सुविधा और सामुदायिक जुड़ाव पर भी ध्यान दिया जाता है।” हर अपार्टमेंट की औसत बिक्री कीमत करीब 11.5 करोड़ रुपये रही, जबकि इनकी बिक्री 28,000 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से हुई।
कैंपस में ही मिलेगी हर सुविधा
डीएलएफ इस प्रोजेक्ट में 172 लग्जरी आवास विकसित कर रही है। इनका कुल कारपेट एरिया चार लाख वर्ग फुट से अधिक और बिक्री योग्य क्षेत्र 7.5 लाख वर्ग फुट से अधिक है। डीएलएफ होम डेवलपर्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और मुख्य कारोबार अधिकारी आकाश ओहरी ने कहा कि यह परियोजना भारत में लग्जरी सेवानिवृत्ति आवास की अवधारणा को नए सिरे से परिभाषित करने की डीएलएफ की सोच को दर्शाती है। परियोजना में आपातकालीन सहायता वाली पेशेवर रूप से संचालित चिकित्सा सुविधा भी होगी। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट की मजबूत बिक्री भारत में इस क्षेत्र में प्रीमियम और बेहतर अनुभव देने वाले आवासीय विकल्पों की बढ़ती मांग को दर्शाती है।

