कैंडिडेट्स को सड़कों पर दौड़ा-दौड़कर पीटा
TRE-4 Candidates Protest, (द भारत ख़बर), पटना: वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर मार्च निकाल रहे टीआरई-4 कैंडिडेट्स पर पटना में पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। लाठीचार्ज के बाद सड़कों पर कैंडिडेट्स की चप्पलें बिखरी दिखीं। एक कैंडिडेट के कपड़े सीने तक खून से सने थे। लाठीचार्ज के बाद कैंडिडेट्स ने आधे कपड़े उतार दिए और सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। महिला कैंडिडेट को पुलिस वालों ने पैरों से कुचला। कैंडिडेट्स ने कहा, हम आने वाले भविष्य के टीचर हैं। ये लोग हमें गुंडा समझ कर पीट रहे हैं।
कैंडिडेट्स वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर सुबह 10 बजे पटना कॉलेज से बीपीएससी आॅफिस तक मार्च निकालने के लिए निकले थे। पुलिस ने जेपी गोलंबर पर सभी को बैरिकेडिंग कर के रोका था। इसके बाद लाठीचार्ज किया गया। इस प्रदर्शन में करीब 5 हजार कैंडिडेट्स शामिल हैं। बारिश के बीच अभ्यर्थी सड़क पर डटे हैं। कैंडिडेट्स की मांग है कि सरकार आज ही टीआरई-4 की वैकेंसी जारी करे।
चिराग पासवान ने लाठीचार्ज पर जताई आपत्ति
लोजपा (आर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने टीआरई-4 अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज का विरोध किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- लाठीचार्ज अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
लोकतंत्र में युवाओं को अपनी जायज मांगों को रखने का अधिकार है। शिक्षक भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे हजारों अभ्यर्थी लंबे समय से अधिसूचना जारी होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। उनकी आवाज सुनने के बजाय बल प्रयोग करना संवेदनशीलता और संवाद की भावना के विपरीत है।
सरकार जरूर सकारात्मक पहल करेगी
सरकार और प्रशासन को चाहिए कि अभ्यर्थियों की मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए जल्द से जल्द टीआरई 4.0 की अधिसूचना जारी करे तथा युवाओं के भविष्य और उनके धैर्य का सम्मान करे साथ ही अभ्यर्थियों से भी आग्रह की कल ही सरकार के नए मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ है, ऐसे में थोड़ा समय दें और धैर्य रखें। सरकार जरूर सकारात्मक पहल करेगी।
ये भी पढ़ें: सुवेंदु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री, शाम 5 बजे होगा ऐलान, कल लेंगे शपथ

