दोनों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि, पिछले सप्ताह भी बढ़े थे दोनों के दाम
Petrol-Diesel Price Update (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : देश की जनता को एक बार फिर से पेट्रोल और डीजल के लिए अधिक कीमत चुकानी होगी। देशभर में आज से पेट्रोल और डीजल के दाम लगभग 90 पैसे प्रति लीटर बढ़ चुके हैं। आपकों बता दें कि बीते शुक्रवार को भी तेल कंपनियों ने दोनों के दाम में तीन रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की थी। इससे पेट्रोल दिल्ली में लगभग 98.77 पैसे प्रति लीटर हो गया है।
याद रहे कि पिछले सप्ताह गुरुवार तक केंद्र सरकार और पेट्रोलियम मंत्रालय यह कह रहा था कि देश में पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर हैं और यह अभी नहीं बढ़ेंगे। लेकिन उसके बाद से पांच दिन में दो बार इनके दाम बढ़ चुके हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अभी इन दोनों के दाम में और भी ज्यादा वृद्धि होगी।
देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के दाम
राजधानी दिल्ली के अलावा देश के अन्य प्रमुख महानगरों में भी पेट्रोल और डीजल के दामों में तेज उछाल देखा गया है। मायानगरी मुंबई में पेट्रोल की कीमत में 91 पैसे की बढ़ोतरी हुई है, जिससे यह 107.59 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि डीजल 94 पैसे महंगा होकर 94.08 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
कोलकाता में पेट्रोल के दाम सबसे ज्यादा 96 पैसे बढ़े हैं और वहां यह 109.70 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, वहीं डीजल 94 पैसे बढ़कर 96.07 रुपये का हो गया है। चेन्नई की बात करें तो यहां पेट्रोल 82 पैसे महंगा होकर 104.49 रुपये और डीजल 86 पैसे बढ़कर 96.11 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है।
क्रूड की कीमत लगातार बढ़ रही
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बयान दे रहे हैं उससे लगता है कि दोबारा इन दोनों में युद्ध शुरू हो सकता है। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति और इसराइल के प्रधानमंत्री ने रविवार रात फोन पर लंबी बात की। जिसके बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों मिलकर एक बार फिर से ईरान पर बड़े हमले कर सकते हैं।
इसी बीच ट्रंप एक बार फिर से ईरान को चेतावनी देते हुए कहा है कि अब फैसले लेने का वक्त खत्म हो रहा है। ट्रंप की इस चेतावनी और ईरान पर दोबारा हमला करने के कयासों के बीच सोमवार को कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर से उछाल देखने को मिला।