इंडो-पैसिफिक से मेडिटेरेनियन तक साझेदारी मजबूत करेंगे भारत-इटली, पीएम मोदी की इटली यात्रा के दौरान व्यापार संबंधों को मिली मजबूती
PM Modi Italy Visit Live (द भारत ख़बर), रोम : अपनी पांच देशों के दौरे के अंतिम पड़ाव में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली में हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री के साथ उच्च स्तरीय बैठक के दौरान दोनों देशों के रणनीतिक और व्यापारिक संबंधों में अधिक गहराई की बात कही। दोनों नेताओं ने भारत-इटली संबंधों को नई दिशा देने के लिए एक महत्वाकांक्षी रोडमैप पेश किया है।
दोनों नेताओं ने कई अंतरराष्ट्रीय मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रकाशित संयुक्त लेख में भारत-इटली रिश्तों को स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप बताया, जिसे उभरते हुए इंडो-मेडिटेरेनियन दौर का अहम आधार कहा गया। दोनों देशों ने 2029 तक द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब यूरो से अधिक तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए रक्षा, एयरोस्पेस, स्वच्छ ऊर्जा, मशीनरी, फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल और पर्यटन जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहेगा।
वर्तमान में दोनों देशों में इतना व्यापार
दोनों देश 2025-2029 संयुक्त रणनीतिक कार्ययोजना के तहत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा रहे हैं। इसमें व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, नवाचार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और लोगों के बीच संपर्क शामिल हैं। साल 2025 में भारत और इटली के बीच व्यापार 16.77 अरब डॉलर तक पहुंच गया है, जबकि अप्रैल 2000 से सितंबर 2025 तक इटली से भारत में 3.66 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश दर्ज किया गया है।
भारतीय समुदाय ने रोम में पीएम का किया भव्य स्वागत
इससे पहले दिन में पीएम मोदी रोम पहुंचे, जहां भारतीय समुदाय ने उनका भव्य स्वागत किया। होटल पहुंचने पर प्रधानमंत्री ने प्रवासी भारतीयों से मुलाकात की और वहां आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। इस दौरान पीएम मोदी ने लोगों से बातचीत की और एक बच्चे को आॅटोग्राफ भी दिया, जिसने उनका चित्र बनाकर उन्हें भेंट किया था।
पीएम मोदी ने मेलोनी को दिया खास गिफ्ट
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से मिले खास तोहफे के लिए सोशल मीडिया पर आभार जताया। मेलोनी ने ट्वीट करते हुए लिखा, गिफ्ट के लिए धन्यवाद। उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि पीएम मोदी उनके लिए भारत की मशहूर टॉफी मेलोडी लेकर आए। मेलोनी ने कहा, कि प्रधानमंत्री मोदी एक बहुत, बहुत अच्छी टॉफी- मेलोडी गिफ्ट में लाए।

