BJP State Presidents, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हरियाणा और पंजाब समेत चार राज्यों के नए अध्यक्षों का ऐलान कर दिया है। अन्य दो राज्य त्रिपुरा और दिल्ली हैं जिनको नए अध्यक्ष मिले हैं। डॉ. अर्चना गुप्ता को बीजेपी की हरियाणा इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं सरदार केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब का अध्यक्ष बनाया गया है।
पहले वीरेंद्र सचदेवा थे दिल्ली के अध्यक्ष
अभिषेक देबरॉय को त्रिपुरा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा बीजेपी ने हर्ष मल्होत्रा को पार्टी की दिल्ली इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इससे पहले वीरेंद्र सचदेवा दिल्ली के अध्यक्ष थे। हर्ष मल्होत्रा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार के तौर पर पूर्वी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से बड़ी जीत दर्ज की थी।
पूर्वी दिल्ली नगर निगम के मेयर भी रह चुके हैं हर्ष मल्होत्रा
जून 2024 से मल्होत्रा कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में राज्य मंत्री हैं। हर्ष मल्होत्रा पूर्वी दिल्ली नगर निगम के मेयर भी रह चुके हैं। वर्ष 2015 से 2016 के बीच वह इस पद पर रहे थे। पार्षद पद पर रहते हुए उन्होंने सरकारी स्कूलों में कुपोषण के खिलाफ सफल मिशन चलाया था।
बंगाल के बाद अगला लक्ष्य पंजाब फतह करना
दरअसल, पंजाब में अगले वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं और भाजपा का पश्चिम बंगाल के बाद अगला लक्ष्य पंजाब फतह करना है। इसी को देखते हुए पार्टी ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। इसलिए सरकार केवल सिंह ढिल्लों को भाजपा ने राज्य की कमान सौंपी है। पंजाब की राजनीति में केवल ढिल्लों का नाम एक बड़े सिख नेता के रूप में है। बता दें कि इससे पहले सुनील जाखड़ को भाजपा की पंजाब इकाई का अध्यक्ष बनाया गया था। सुनील जाखड़ ने लोकसभा चुनाव के बाद इस्तीफा दे दिया था। हालांकि भाजपा ने उनका इस्तीफा मंजूर नहीं किया था।
हरियाणा में बतौर महामंत्री काम कर रही थीं अर्चना गुप्ता
हरियाणा की नवनियुक्त अध्यक्ष डॉक्टर अर्चना गुप्ता पूर्व अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली की जगह लेंगी। इससे पहले वह हरियाणा भाजपा में बतौर प्रदेश महामंत्री काम कर रही थीं। पेशे से डॉक्टर अर्चना पानीपत जिले की जिलाध्यक्ष भी रह चुकी हैं। उन्होंने रेडियोलॉजी में गोल्ड मेडल हासिल किया है।
यह भी पढ़ें : Eid-ul-Adha: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बकरीद पर देशवासियों को दी बधाई

