चार दिवसीय दौरे पर एक जून से भारत आएगा अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल
India-US Trade Deal (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारत और अमेरिका जल्द ही द्विपक्षीय व्यापार समझौते में आ रही रुकावटों को खत्म कर सकते हैं। एक सरकारी प्रवक्ता ने इस संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि इस समझौते संबंधी वार्ता को आगे बढ़ाने और इसे अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भारत आ रहा है।
जानकारी के अनुसार यह प्रतिनिधिमंडल एक से चार जून तक भारत के दौरे पर रहेगा और द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर वार्ता को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही दोनों देश अंतरिम व्यापार समझौते के विवरण को अंतिम रूप देने की दिशा में काम कर रहे हैं।
अप्रैल में भारतीय प्रतिनिधिमंडल गया था अमेरिका
यह दौरा अप्रैल में हुई उच्च स्तरीय बैठकों की ही अगली कड़ी है। अप्रैल महीने में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने वाशिंगटन डीसी का दौरा किया था। इस दौरान दोनों देशों के अधिकारियों के बीच अंतरिम समझौते के मसौदे को अंतिम रूप देने और व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) की बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए आमने-सामने विस्तृत चर्चा हुई थी।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने दिया था बड़ा बयान
ज्ञात रहे कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले दिनों भारत मंडपम में एक कार्यक्रम के दौरान अमेरिकी राजदूत के फोन पर कॉल करके उपस्थित लोगों को संबोधित किया था। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए खुद को उनका बड़ा फैन कहा था। इसके साथ ही ट्रंप ने कहा था कि भारत और अमेरिका विश्व के दो सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश हैं और भारत को अमेरिका पर 100 प्रतिशत भरोसा करना चाहिए।
ये भी पढ़ें : West Asia Crisis : समझौता करीब लेकिन अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना बाकी : ट्रंप

