Karnataka, (द भारत ख़बर), बेंगलुरु: कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार शनिवार को बेंगलुरु में कर्नाटक के गवर्नर थावर चंद गहलोत के सरकारी आवास ‘लोक भवन’ पहुंचे। यह दौरा मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद राज्य में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर तेज हुई राजनीतिक सरगर्मियों के बीच, कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की अहम बैठक से ठीक पहले हुआ। सीएलपी बैठक आज शाम चार बजे है।
शिवकुमार का लोक भवन दौरा कांग्रेस के लिए अहम मोड़
शिवकुमार का लोक भवन दौरा सत्ताधारी कांग्रेस के लिए एक अहम मोड़ पर हुआ है, क्योंकि पार्टी आज शाम 4 बजे नेतृत्व और संगठनात्मक मामलों पर चर्चा करने के लिए एक महत्वपूर्ण सीएलपी की बैठक करने वाली है। यह बैठक गवर्नर गहलोत द्वारा सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार करने और मंत्रिपरिषद को तत्काल प्रभाव से भंग करने के कुछ दिनों बाद हो रही है।
पार्टी पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में होगी बैठक
हालांकि, सिद्धारमैया से तब तक मुख्यमंत्री के पद पर बने रहने का अनुरोध किया गया है, जब तक कि कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हो जाती। इससे पहले शुक्रवार को शिवकुमार ने कहा कि बेंगलुरु में होने वाली सीएलपी की बैठक पार्टी पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में होगी, जो कोई भी अंतिम फैसला लेने से पहले कांग्रेस आलाकमान से सलाह-मशविरा करेंगे।
सिद्धारमैया ने 28 मई को दे दिया था सीएम पद से इस्तीफा
नेतृत्व परिवर्तन और मुख्यमंत्री के तौर पर अपनी संभावित पदोन्नति से जुड़े सवालों पर उप-मुख्यमंत्री ने कहा, इस बारे में फैसला सीएलपी नेता के चुनाव के बाद ही लिया जाएगा। उन्होंने कहा, मुझे अभी यह नहीं पता कि वे कांग्रेस विधायक दल के नेता का चुनाव कब करेंगे। उसके बाद ही हम इस पर चर्चा करेंगे। ये घटनाक्रम कर्नाटक कांग्रेस के भीतर उस समय सामने आए हैं, जब 28 मई को सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
इस्तीफा मेरी मर्जी पर आधारित : सिद्धारमैया
सिद्धारमैया ने कहा था कि उनका इस्तीफा पूरी तरह से उनकी अपनी मर्जी पर आधारित है और उन्होंने पार्टी आलाकमान के सुझाव पर ही यह कदम उठाया है। शिवकुमार ने इससे पहले, नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी। यह मुलाकात राज्य में विधायी नेतृत्व, राज्यसभा के लिए नामांकन और संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर चल रही चचार्ओं के बीच हुई थी।
भाजपा ने कांग्रेस पर हमला तेज कर किया
विपक्षी भाजपा ने इस बीच, कांग्रेस पर अपना हमला तेज कर दिया है। भाजपा का आरोप है कि सिद्धारमैया और शिवकुमार के बीच आपसी कलह का असर कर्नाटक के शासन-प्रशासन पर पड़ा है। पूर्व मुख्यमंत्री डीवी सदानंद गौड़ा ने कहा, यह लगभग तय है कि शिवकुमार ही अगले मुख्यमंत्री होंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह लंबे समय से चल रही कुर्सी की लड़ाई में उलझी हुई है। हालांकि, कांग्रेस नेताओं ने अस्थिरता की इन बातों को सिरे से खारिज कर दिया है।
ये भी पढ़ें : Karnataka Politics: सिद्धारमैया ने किया इस्तीफे का ऐलान, शिवकुमार बन सकते हैं सीएम

