आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर हुआ हादसा, राजस्थान निवासी हैं हादसे का शिकार सभी लोग
UP Accident News (द भारत ख़बर), आगरा : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए एक दर्दनाक हादसे में राजस्थान के रहने वाले तीन लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे का कारण तेज रफ्तार बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार देर रात करीब दो बजे हुआ। जब बिहार से राजस्थान लौट रहे परिवार की कार आगे जा रहे ट्रक में घुस गई। जिस समय हादसा हुआ उस समय कार की गति बहुत तेज थी और कार पूरी तरह से ट्रक के पीछे घुस गई। जिसके चलते तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा इतना भयावह था कि कार कंटेनर में पूरी तरह फंस गई और उसके परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने करीब आधे घंटे तक राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला।
पुलिस के मुताबिक राजस्थान के चूरू निवासी सोहेब पुत्र सलीम कार चला रहा था। कार में सवार सभी लोग बिहार से राजस्थान लौट रहे थे। कार में परमिला (31), पूजा कुमारी (32), राजू (35), अयांश (6) सहित कुल आठ लोग सवार थे। रविवार रात जैसे ही करीब दो बजे थाना फतेहाबाद क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 36.700 पर पहुंचते ही तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी।
हाइड्रा मशीन से कार को निकाला बाहर
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार कंटेनर के पिछले हिस्से में पूरी तरह घुस गई। हादसे के बाद कंटेनर चालक करीब 50 मीटर तक कार को घसीटता हुआ ले गया। घटना की जानकारी होने पर चालक कंटेनर छोड़कर मौके से फरार हो गया।सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद विनोद कुमार मिश्र और यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी प्रथम राधा मोहन द्विवेदी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत बचाव कार्य शुरू कराया। कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन बुलानी पड़ी। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर मौत हो चुकी थी।
ये भी पढ़ें : LPG Price Hike : 42 रुपए महंगा हुआ कमर्शियल सिलेंडर

