राजस्थान के अजमेर, नागौर और चित्तौड़गढ़ में हुई ओलावृष्टि
Weather Update, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: मौसम विभाग द्वारा दक्षिण-पश्चिम मानसून के 2 से 3 दिन में केरल पहुंचने का अनुमान जताया गया है। आईएमडी के मुताबिक अरब सागर, लक्षद्वीप, केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए मौसम अनुकूल है। बंगाल की खाड़ी के कई इलाकों में भी मानसून आगे बढ़ सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि आमतौर पर मानसून 1 जून के आसपास केरल पहुंचता है, लेकिन इस बार इसमें थोड़ी देरी हुई है।
देशभर में हीटवेव का असर खत्म
देशभर में फिलहाल हीटवेव का असर खत्म हो गया है। राजस्थान के अजमेर, नागौर और चित्तौड़गढ़ में सोमवार को ओलावृष्टि हुई। मध्य प्रदेश के 4 जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी है।
उत्तर प्रदेश के झांसी और ललितपुर में तेज बारिश हुई, जबकि 63 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी है। बिहार के सासाराम में भी दोपहर बाद बारिश हुई। वहीं झारखंड, छत्तीसगढ़, हरियाणा और पंजाब समेत 27 राज्यों में हल्की से भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने इस साल कम बारिश का जताया अनुमान
मौसम विभाग ने इस साल देश में मानसून के दौरान सामान्य से कम बारिश होने की संभावना जताई है। पूरे सीजन में बारिश लॉन्ग पीरियड एवरेज का लगभग 90% रहने का अनुमान है। लॉन्ग पीरियड एवरेज किसी क्षेत्र में 30 से 50 सालों के दौरान हुई औसत बारिश को कहा जाता है।
भारत में 1971 से 2020 के आंकड़ों के आधार पर मानसून की औसत बारिश 87 सेंटीमीटर मानी जाती है। अगर किसी साल बारिश एलपीए के 90% से कम रहती है, तो उसे सामान्य से कम बारिश की श्रेणी में रखा जाता है।
ये भी पढ़ें: पेन-पेपर मोड में ही होगा नीट री-एग्जाम

