- भीषण गर्मी के बाद फिर बदलेगा मौसम
Haryana Weather, डॉ रविन्द्र मलिक, (द भारत ख़बर), चंडीगढ़: हरियाणा में मौसम अगले 6 दिन तक मौसम व्यापक स्तर पर उतार-चढ़ाव भरा रहने वाला है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में तीन दिन तक मौसम शुष्क रहेगा, जिससे एक बार फिर गर्मी बढ़ने के आसार हैं। अधिकारियों के अनुसार कई स्थानों पर हीटवेव का तेज असर देखने को मिलेगा। इस दौरान पारा 45 डिग्री के पार जा सकता है।
कल से कई जिलों में भीषण गर्मी के आसार
प्रदेश में 8 जून से 11 जून तक कई जिलों में भीषण गर्मी व हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 42 डिग्री से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंचने की संभावना है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 11, 12 और 13 जून को आंधी और बारिश के चलते राहत मिलने की संभावना भी जताई गई है।
8 से 10 जून तक इन जिलों में हीट वेव की चेतावनी
प्रदेश में 8 से 10 जून तक दक्षिण, पश्चिमी और मध्य हरियाणा के कई जिलों, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, जींद और भिवानी में हीट वेव चलने की चेतावनी जारी की गई है। राज्य के अधिकतम तापमान में अगले कई दिन में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में बाहर निकलना खतरनाक हो सकता है। 11 और 12 जून को कुछ जिलों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है।
6 दिन में सामान्य से करीब 12% कम बारिश दर्ज
बता दें कि आंकड़ों के अनुसार जून के शुरूआती 6 दिन में राज्य में सामान्य से करीब 12 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इस लिहाज से मौसम विभाग के अनुसार 11 जून को ही भयंकर गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। एक्सपर्ट्स अनुसार हालांकि ये यह गर्मी सामान्य है, लेकिन इतनी ज्यादा गर्मी मानसून को मैदानी इलाकों में लाने का काम करती है।
किसानों और पशुपालकों के लिए एडवाइजरी जारी
मौसम में संभावित बदलाव के मद्देनजर जिन इलाकों में तेज हवा और बारिश की संभावना है, वहां गन्ने, सब्जियों और फलों के बागों सिंचाई बंद करने की सलाह दी गई है। तेज और धूलभरी हवाओं को देखते हुए पशुपालकों को पशुओं को खुले में बांधने के बजाय शेड के नीचे रखें । तेज धूप से बचाने के लिए हवा की दिशा में जूट के बोरे या पर्दे लटकाएं जाने की सलाह दी गई है।।सब्जियों भिंडी, लौकी, खीरा, तोरई और गर्मियों वाली मूली की बुआई का काम सुबह या शाम को ठंडे समय में ही पूरा करने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें : LPG Price Hike: भारत में दुनिया के कई देशों के मुकाबले गैस सिलेंडर आज भी सस्ता

