3 आरोपियों के घर पर ताला लगा था ताला, पड़ोसियों से भी सवाल-जवाब किए
Ram Mandir Chadhawa Chori, (द भारत ख़बर), अयोध्या: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आज पुलिस ने चढ़ावा चोरी मामले में जेल में बंद 8 आरोपियों के घर पर स्तक दी। पुलिस को 3 आरोपियों के घर पर ताला लगा मिला। पुलिस ने पड़ोसियों से भी सवाल-जवाब किए।
कहां-कहां पर पुलिस ने दी दबिश
- राम मंदिर से 2 किमी दूर स्वर्गद्वार मोहल्ले में रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के दो मंजिला मकान पर ताला लगा मिला। थोड़ी देर बाद टिन्नू की मां ने ताला खोला। पुलिस ने घर में रखे कागजातों, बक्सों और अलमारी की तलाशी ली। परिजन से पूछताछ की।
- रुदौली स्थित लवकुश मिश्रा के घर के बाहर स्थानीय पुलिस ने डेरा डाल रखा है। घर के बाहर लवकुश के दादा 72 साल के जगदंबा मिश्रा बैठे दिखे। उनसे पूछताछ हुई। बाकी परिवार अंदर है। पुलिस की टीम यहां भी पहुंचेगी।
- अंजनीपुरम स्थित सुभाष चंद्र श्रीवास्तव के घर में छापेमारी हुई। घर पर ताला मिला। पुलिस ने पड़ोसियों से बातचीत की। सुभाष की संपत्ति और लाइफस्टाइल के बारे में जानकारी जुटाई।
- कौशलपुरी स्थित अनुकल्प मिश्रा के घर पर पुलिस पहुंची तो मां ने दरवाजा खोला। 3 पुलिसवाले घर के अंदर गए। संपत्तियों के दस्तावेज और बैंक अकाउंट डिटेल खंगाली। परिवारवालों से पूछताछ की। पड़ोसियों से भी सवाल-जवाब किए।
- कौशलपुरी में अविनाश शुक्ला के घर पर पुलिस को कोई नहीं मिला। पास में किराना स्टोर चलाने वाले राहुल कुमार से पुलिस ने पूछताछ की। उन्होंने बताया, अविनाश किराए पर रहते हैं। योग सेंटर से जुड़े हुए थे। घर कहीं गांव में है।
- नया घाट में रमाशंकर मिश्रा के पिता ने छन्नू लाल मिश्र ने बताया- पुलिस आई थी। बक्सा और अलमारी देखी। जांच के बाद चले गए। घर में कुछ नहीं मिला। कुछ कागजों पर साइन करवाए। रमाशंकर करीब 6 साल से मंदिर के लिए काम कर रहा था।
दोषी बख्शे नहीं जाएंगे: इंद्रेश कुमार
आरएसएस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा, एसआईटी मामले की जांच कर रही है। दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। अयोध्या का राम राज्य ऐसा है कि अपराधियों को कभी माफ नहीं किया जाता। उन्हें सजा दी जाती है। जल्दबाजी करने या राजनीतिक रंग देने की कोई जरूरत नहीं है।
ये भी पढ़ें: देश हर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की तरफ मजबूती से बढ़ रहा : पीएम

