नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 2026-27 घरेलू सीजन के लिए प्लेइंग कंडीशंस में कई बड़े बदलाव किए हैं. इन नए नियमों के तहत अब जानबूझकर फ्रंट-फुट नो-बॉल या ऐसी गेंद फेंकने वाले गेंदबाज पर कड़ी कार्रवाई होगी. इसके अलावा रेड-बॉल क्रिकेट में मैच की अंतिम पारी घोषित (Declare) या फॉरफिट (Forfeit) करने की अनुमति भी खत्म कर दी गई है. पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, BCCI ने इन बदलावों की जानकारी सभी राज्य क्रिकेट संघों को भेज दी है. ये बदलाव लॉर्ड्स स्थित मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) द्वारा किए गए नियमों के अनुरूप हैं.
नए नियम के मुताबिक यदि कोई गेंदबाज जानबूझकर फ्रंट-फुट नो-बॉल या नॉन-लैंडिंग डिलीवरी करता हुआ पाया जाता है, तो उसे पूरे मैच से निलंबित कर दिया जाएगा. पहले यह प्रतिबंध केवल उस पारी तक सीमित रहता था. गेंद जानबूझकर फेंकी गई या नहीं, इसका फैसला ऑन-फील्ड अंपायर करेंगे.

BCCI ने दिन के खेल के समापन से जुड़ा नियम भी बदल दिया है. अब यदि दिन के आखिरी ओवर के दौरान विकेट गिरता है, तब भी वह ओवर पूरा कराया जाएगा. पहले विकेट गिरने पर नए बल्लेबाज के आने में लगने वाले समय को देखते हुए उसी समय स्टंप्स घोषित कर दिए जाते थे.
रेड-बॉल क्रिकेट में अब कोई भी टीम मैच की अंतिम पारी को घोषित (Declare) या फॉरफिट (Forfeit) नहीं कर सकेगी. बोर्ड का मानना है कि इस नियम का गलत इस्तेमाल कर कृत्रिम नतीजे (Contrived Results) निकाले जा सकते थे, इसलिए इसे समाप्त कर दिया गया है.
घरेलू एकदिवसीय क्रिकेट में अब ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान हेड कोच को मैदान पर आने की अनुमति होगी. यह बदलाव अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्रस्तावित नियमों के अनुरूप किया गया है. वहीं, विकेटकीपर के लिए भी नियम आसान किए गए हैं. अब उसे केवल गेंद फेंके जाने के समय अपने ग्लव्स स्टंप्स के पीछे रखने होंगे. पहले गेंदबाज के रन-अप शुरू होने से लेकर गेंद फेंकने तक ग्लव्स स्टंप्स के पीछे रखना अनिवार्य था.
ये सभी नए नियम अगले महीने शुरू होने वाली दलीप ट्रॉफी से प्रभावी हो जाएंगे. रिपोर्ट के अनुसार, राज्य क्रिकेट संघों ने अंपायरों और मैच रेफरी को इन बदलावों की जानकारी देना शुरू कर दिया है. अधिकारियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे. अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि क्या BCCI भविष्य में इन नियमों को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी लागू करता है, क्योंकि IPL की अपनी अलग प्लेइंग कंडीशंस होती हैं.

