नई दिल्ली. दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में बुधवार रात प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क गई. दिल्ली पुलिस के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे टॉल्स्टॉय मार्ग के पास कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पत्थर और बोतलें फेंकी, जिसमें एसीपी कनॉट प्लेस विवेक भगत घायल हो गए. दिल्ली पुलिस ने बताया कि घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल एसीपी विवेक भगत को इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल ले जाया गया.
पुलिस के मुताबिक, पथराव के कारण कुछ समय के लिए इलाके में तनाव का माहौल बन गया था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद स्थिति पर काबू पा लिया गया. पुलिस का कहना है कि नीट मुद्दे पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान दिल्ली में पत्थरबाजी की गई. पुलिस के मुताबिक टॉलस्टॉय मार्ग पर प्रदर्शन कर रहे लोग हिंसक हो गए. उन्होंने वहां पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया. इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए. घायल होने वाले पुलिसकर्मियों में कनॉट प्लेस के ACP विवेक भगत शामिल हैं.

दिल्ली के टॉलस्टॉय मार्ग के पास ये घटना हुई है. पुलिस ने इस घटना की जानकारी देते हुए कहा, RAF और पुलिस की टीम तय जगह पर रोजाना की तरह तैनात थी. किसी को भी प्रदर्शनकारियों को उग्र होने का अंदाजा नहीं था. अचानक ही वहां पर पथराव होने लगा. इस घटना के बाद जब RAF और पुलिस एक्टिव हुई तो बड़े बड़े पत्थर पुलिस और RAF की टीम पर फेंके जाने लगे. बताय तो ये भी जा रहा है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने हाथ में डंडे ले रखे थे जिसे पुलिस पर चलाए गया. भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस ने 2-3 आंसू गैस के गोले छोड़े.
दिल्ली पुलिस ने कहा कि “करीब 8:30 बजे कनॉट प्लेस के टॉल्स्टॉय मार्ग के पास कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर पत्थरों और बोतलों से हमला किया, जिसमें एसीपी विवेक भगत घायल हो गए. उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा तुरंत आरएमएल अस्पताल पहुंचाया गया. कुछ मिनटों तक स्थिति तनावपूर्ण रही, लेकिन अब इलाके में पूरी तरह शांति है.”
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

