नई दिल्ली. कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल ने वनडे सीरीज के दौरान भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव को खेलने का मौका नहीं दिया. सीरीज खत्म होने के बाद एक बड़ा कदम उठाया है. चाइनामैन स्पिनर अब इंग्लैंड की घरेलू क्रिकेट में अपना जलवा दिखाएंगे. कुलदीप ने काउंटी चैंपियनशिप की मशहूर टीम यॉर्कशायर के साथ ओवरसीज खिलाड़ी के तौर पर करार किया है. इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में खेलने का मौका तो उनको नहीं मिल पाया लेकिन वो इंग्लिश क्लब की तरफ से जरूर खेलते नजर आएंगे.
31 साल के कुलदीप यादव शुरुआत में वन-डे कप के पांच मुकाबले खेलेंगे. इसके बाद अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ भारत की दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने जाएंगे. सितंबर में यॉर्कशायर के लिए काउंटी चैंपियनशिप के अंतिम चार मैचों में से तीन मुकाबलों में हिस्सा लेंगे. इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में कुलदीप यादव को एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था. भारत ने सीरीज 1-2 से गंवाई थी. खास बात यह रही कि लॉर्ड्स वनडे में जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी के बावजूद टीम प्रबंधन ने कुलदीप को मौका नहीं दिया और चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरने का फैसला किया. भारत की यह रणनीति पूरी तरह विफल रही और इंग्लैंड ने 50 ओवर में 387 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया. कुलदीप को बाहर रखने के फैसले की कई पूर्व क्रिकेटरों और विशेषज्ञों ने आलोचना भी की थी.
✍️ Yorkshire CCC is delighted to announce the signing of Indian international Kuldeep Yadav, who will join the White Rose for five Metro Bank One Day Cup games and three Rothesay County Championship fixtures.
Find out more here 👉️ https://t.co/9kZlxcwjzM pic.twitter.com/nu9AaWFMct
— Yorkshire CCC (@YorkshireCCC) July 22, 2026
भारत ने जिम्बाब्वे दौरे के लिए वरिष्ठ खिलाड़ियों को आराम दिया है, लेकिन कुलदीप यादव को टी20 टीम में भी जगह नहीं मिली। ऐसे में उन्होंने इंग्लैंड में रहकर काउंटी क्रिकेट खेलने का फैसला किया, ताकि उन्हें मैच अभ्यास मिलता रहे और वह श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
कुलदीप बोले- यॉर्कशायर जैसी टीम का हिस्सा बनना सम्मान. उन्होंने कहा, “यॉर्कशायर जैसी ऐतिहासिक टीम का हिस्सा बनकर मैं बेहद खुश हूं. यह मेरे लिए सम्मान की बात है. मुझे इंग्लैंड की परिस्थितियों में खेलना हमेशा पसंद रहा है. टीम प्रबंधन से बातचीत के बाद मैं यहां आने के लिए और भी उत्साहित हो गया. उम्मीद है कि मैं अपने प्रदर्शन से टीम की सफलता में योगदान दूंगा.”
यॉर्कशायर के क्रिकेट महाप्रबंधक गैविन हैमिल्टन ने कहा कि कुलदीप जैसे अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के आने से टीम को बड़ी मजबूती मिलेगी. उन्होंने कहा, “इस साल इंग्लैंड में मौसम काफी शुष्क रहा है, इसलिए स्पिन गेंदबाज अहम भूमिका निभाएंगे. कुलदीप की लेफ्ट-आर्म रिस्ट स्पिन हमारी टीम को नई ताकत देगी. उनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का शानदार अनुभव है, जिसका फायदा पूरी टीम को मिलेगा.”

