चंडीगढ़. चंडीगढ़ के सेक्टर-17 में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के रीजनल मुख्यालय में तैनात इन्फोर्समेंट अफसर शुभम त्यागी को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 2.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया. आरोप है कि इन्फोर्समेंट अफसर शुभम त्यागी ने एक ठेकेदार से चार लाख रुपये रिश्वत मांगी थी और फिर सीबीआई ने ट्रैप लगातार उसे गिरफ्तार कर लिया.
सीबीआई ने बताया कि 22 जुलाई को यह मामला दर्ज किया था. शिकायतकर्ता के खिलाफ ईपीएफओ अधिकारियों के समक्ष कर्मचारी भविष्य निधि और विविध प्रावधान अधिनियम, 1952 की धारा 7ए के तहत शिकायत दी गई थी. शिकायतकर्ता लंबे समय से पंजाब में ठेकेदारी करता है और उस पर 30 कर्मचारियों का पीएफ ना जमा करवाने का आरोप था और इसी मामले की जांच ईपीएफओ के इन्फोर्समेंट अफसर शुभम त्यागी कर रहे थे.
सीबीआई ने कहा कि शिकायतकर्ता ने ईपीएफओ विभाग को सभी आवश्यक दस्तावेज दिए थे लेकिन फिर भी आरोपी ने शिकायतकर्ता के खिलाफ प्रतिकूल रिपोर्ट प्रस्तुत करने और भारी जुर्माना लगाने की अनुशंसा करने की धमकी दी थी.
इसके बाद, आरोपी शुभम त्यागी ने शिकायतकर्ता से टेलीफोन पर संपर्क किया और उसे दिनांक 21 जुलाई को चंडीगढ़ स्थित ईपीएफओ क्षेत्रीय कार्यालय में मिलने का निर्देश दिया. बैठक के दौरान आरोपी अधिकारी शुभम त्यागी ने न्यूनतम जुर्माने के साथ जांच बंद करने के लिए 4 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की. सीबीआई ने 22 जुलाई को को जाल बिछाया और आरोपी को शिकायतकर्ता से 2.5 लाख रुपये की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए पकड़ लिया.
आरोपी को सीबीआई ने चंडीगढ़ में सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया औऱ 14 दिनों की न्यायिक हिरासत पर लिया है.
2023 की यूपीएससी परीक्षा में झटका था 76वां रैंक
गौर रहे कि शुभम ने साल 2023 की यूपीएससी परीक्षा में ऑल इंडिया 76वीं रैंक हासिल की थी. बरेली से स्कूली शिक्षा और पढ़ाई की थी. पंजाब कैडर मिलने के बाद शुभम की पटियाला में तैनाती थी और चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित रीजनल मुख्यालय में रिपोर्टिंग रहती थी. सीबीआई ने आरोपी के कार्यालय, घर और अन्य ठिकानों की तलाशी ली तथा कुछ दस्तावेज और फाइलें कब्जे में लीं हैं. सीबीआई ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा- 7 समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है.
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
