
शेर सिंह का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
Constable Sher Singh, (द भारत ख़बर), पिथौरागढ़: उत्तराखंड पुलिस की वर्दी पहनकर एक व्यक्ति दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने में शामिल हुआ। इसका वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली से देहरादून तक पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इस शख्स की पहचान उत्तराखंड पुलिस कांस्टेबल शेर सिंह के रूप में हुई है। जंतर-मंतर पर वर्दी में दिखाई देने वाला व्यक्ति शेर सिंह है। वह उत्तराखंड पुलिस का कांस्टेबल है।
शेर सिंह दिल्ली में चल रहे धरना-प्रदर्शन में उत्तराखंड पुलिस की वर्दी पहनकर शामिल हुआ। अब इस मामले में कुमाऊं रेंज की आईजी निवेदिता कुकरेती का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कांस्टेबल के पहले से सस्पेंड होने और आपराधिक रिकॉर्ड के बारे में जानकारी दी।
20 जुलाई 2026 को किया था सस्पेंड
कुमाऊं रेंज की आईजी निवेदिता कुकरेती ने कहा कि अभी शेर सिंह नाम का एक कांस्टेबल छात्रों के विरोध-प्रदर्शन को भड़काने वाला बेबुनियाद बयान दे रहा है, जो वायरल हो रहा है। इस कांस्टेबल के बारे में यह ध्यान देने वाली बात है कि वह 28 जून 2026 से पिथौरागढ़ जिले से बिना इजाजत गैर-हाजिर था। इस मामले में पिथौरागढ़ के एसपी ने उसे नोटिस जारी किया था। कोई जवाब न मिलने पर कांस्टेबल को 20 जुलाई 2026 को सस्पेंड कर दिया गया था।
पहले से अपराधिक रिकॉर्ड
आईजी निवेदिता कुकरेती ने कहा कि कांस्टेबल का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह और उसका एक साथी कुख्यात गैंगस्टर प्रवीण वाल्मीकि के साथ मिलकर संगठित अपराध में शामिल थे। वे बेगुनाह लोगों को डराते-धमकाते थे और उनकी जमीन हड़प लेते थे। इन मामलों में उसे 15 जनवरी 2025 को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
शेर सिंह कई महीने जेल में रहा और अभी जमानत पर बाहर है। आईजी ने बताया कि इस मामले में भी शेर सिंह के खिलाफ नौकरी से निकालने की कार्रवाई चल रही थी। जंतर मंतर का वीडियो वायरल होने के मामले में उन्होंने कहा कि अभी उसके दिए गए बेबुनियाद बयान के संबंध में जरूरी कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
एसटीएफ देहरादून ने किया था गिरफ्तार
कांस्टेबल शेर सिंह मूल रूप से हरिद्वार के रुड़की का रहने वाला है। वह आईजी गढ़वाल का गनर रह चुका है। जमीन के लेन-देन के मामले में प्रवीण वाल्मीकी गैंग की मुखबिरी का आरोप उस पर लगा था। मामले में शेर सिंह को एसटीएफ देहरादून ने गिरफ्तार किया था। शेर सिंह लगातार आजाद समाज पार्टी से जुड़े वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट करता रहता है।
