MLC Election Result 2026: उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में विधान परिषद (MLC) की 28 सीटों के लिए मंगलवार को मतगणना जारी है। इन सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। अब सभी की नजरें चुनाव परिणामों पर टिकी हैं। उत्तर प्रदेश की 11 और बिहार की 8 सीटों पर होने वाली मतगणना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। महाराष्ट्र में 5 और कर्नाटक में 4 सीटों के नतीजे भी आज सामने आने हैं।
चार राज्यों की 28 MLC सीटों पर मतगणना
चार राज्यों में विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर चुनाव कराया गया था। मतगणना मंगलवार सुबह 8 बजे शुरू हुई। इन चुनावों में उत्तर प्रदेश में 11, बिहार में 8, महाराष्ट्र में 5 और कर्नाटक में 4 सीटें शामिल हैं। चुनाव परिणामों से इन राज्यों में विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के प्रदर्शन की तस्वीर साफ होगी। उत्तर प्रदेश में BJP और समाजवादी पार्टी के बीच मुकाबले पर खास नजर है। वहीं, बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA), विपक्षी दलों और जन सुराज के उम्मीदवारों के प्रदर्शन को लेकर उत्सुकता है। महाराष्ट्र में महायुति और महाविकास अघाड़ी के उम्मीदवारों के साथ बागी प्रत्याशी भी चुनावी मुकाबले का हिस्सा हैं। कर्नाटक में कांग्रेस और भाजपा-जेडीएस गठबंधन के उम्मीदवार मैदान में हैं।
उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर मुकाबला
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। मतगणना प्रदेश के सात जिलों- लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में कराई जा रही है। कुल 152 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी की सीटें शामिल हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद की सीटों पर मतगणना हो रही है।
लखनऊ स्नातक सीट पर भाजपा के अवनीश कुमार सिंह और सपा की कांति सिंह के बीच मुकाबला है। वाराणसी स्नातक सीट पर भाजपा के केदारनाथ सिंह के सामने सपा के आशुतोष सिन्हा हैं। आगरा स्नातक सीट पर भाजपा के मानवेन्द्र प्रताप सिंह और सपा के आकाश अग्रवाल चुनाव मैदान में हैं। मेरठ स्नातक सीट पर भाजपा के दिनेश गोयल और सपा के प्रमेन्द्र भाटी के बीच मुकाबला है। इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट पर भाजपा के अशोक कुमार राठौर और सपा के मानसिंह यादव प्रमुख उम्मीदवार हैं।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में भी भाजपा और सपा के उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी और सपा के संजय कुमार त्रिपाठी प्रमुख उम्मीदवार हैं। वाराणसी शिक्षक सीट पर भाजपा के प्रमोद मिश्रा और सपा के लाल बिहारी यादव के बीच मुकाबला है। अन्य शिक्षक सीटों पर भी मतगणना के बाद उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट होगी।
बिहार की आठ सीटों पर नजर
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए भी 27 अक्टूबर को मतगणना हो रही है। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक सीटों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी शामिल हैं, जबकि शिक्षक सीटों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शामिल हैं। इन आठ सीटों के लिए कुल 150 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य में 5.32 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत थे और मतदान के लिए 933 केंद्र बनाए गए थे।
मतगणना पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और छपरा के निर्धारित केंद्रों पर कराई जा रही है। बिहार के चुनाव में प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ जन सुराज के उम्मीदवारों की मौजूदगी भी चर्चा में है। पार्टी ने आठों सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। कोसी स्नातक सीट पर भाजपा के एनके यादव, नितेश कुमार, जन सुराज के रजनीश रंजन और कांग्रेस के मनोज समेत कई उम्मीदवार मैदान में हैं। इस सीट पर कुल 15 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

