नई दिल्ली. भारत और बांग्लादेश के बीच खेली जाने वाली एक और सीरीज पर खतरा मंडरा रहा है. टीम इंडिया का बांग्लादेश दौरा दोनों देशों के बीच रिश्ते में आई खटास की वजह से टाल दिया गया था. अब खबर है कि भारत के इस साल बांग्लादेश दौरे की संभावना एक बार फिर बढ़ गई है. ताजा रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बीच दौरे के कार्यक्रम को लेकर बातचीत जारी है. यदि दोनों बोर्ड तारीखों पर सहमत हो जाते हैं, तो यह दौरा सितंबर में आयोजित किया जा सकता है. यह दौरा तय होता है तो दिल्ली में प्रस्तावित भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज को आगे बढ़ाया जा सकता है.
भारत का बांग्लादेश दौरा पहले पिछले साल होना था. इसे दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तनाव की वजह से स्थगित कर दिया गया था. आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था. इस फैसले के सामने आने के बाद से ही बवाल और बढ़ गया था. मामला इतना बिगड़ गया कि बांग्लादेश ने भारत में हुए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप से नाम वापस ले लिया. रिपोर्ट के अनुसार हाल ही में लंदन में ICC की बैठक के दौरान BCCI और BCB अधिकारियों के बीच इस दौरे को लेकर सकारात्मक बातचीत हुई. अंतिम फैसला भारत सरकार की मंजूरी के बाद ही लिया जाएगा.

बताया जा रहा है कि BCB चाहता है कि पूरी सीरीज सीमित स्थानों पर आयोजित हो. उसकी प्राथमिकता है कि तीन टी20 मुकाबले एक शहर में और तीन वनडे दूसरे शहर में खेले जाएं. ढाका और चट्टोग्राम प्रमुख विकल्प माने जा रहे हैं। एक विकल्प केवल एक फॉर्मेट (वनडे या टी20) की सीरीज कराने का भी है.
खबर हौ कि भारतीय टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ सितंबर में नई दिल्ली में टी20 सीरीज में खेलना है. इसकी मेजबानी अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड करेगा. अगर बांग्लादेश दौरा उसी समय तय होता है तो इसका असर अफगानिस्तान सीरीज पर पड़ेगा. ऐसी स्थिति में सीरीज की तारीखों में बदलाव किया जा सकता है.
भारतीय टीम 15 अगस्त से श्रीलंका दौरे पर दो टेस्ट मैच खेलेगी. इसके बाद श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टी20 टीम एशियन गेम्स 2026 (17 सितंबर से 3 अक्टूबर) के लिए जापान रवाना होगी. ऐसे में सितंबर के पहले पखवाड़े में बांग्लादेश दौरे के लिए समय उपलब्ध माना जा रहा है.

