
नई दिल्ली. मानसून ने भारत के कई हिस्सों में जबरदस्त तबाही मचाना शुरू कर दिया है. लगातार बारिश से जलजमाव और बाढ़ जैसी स्थिति बन रही है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार मानसून का नया दौर शुरू हो गया है. शुक्रवार तक हरियाणा और चंडीगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश, जबकि उत्तरी पंजाब में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.
इन सभी राज्यों में लोगों से बिना जरूरी काम घर से बाहर ना निकलने की अपील की गई है. ऑफिस जाने वाले लोगों को भी पूरी सावधानी बरतने को कहा गया है. IMD के मुताबिक 3 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहेगा. खासकर पंजाब के उत्तरी जिलों में अगले 48 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर 12 सेंटीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की जा सकती है.
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, अंडरपास बंद होने, सड़कों पर ट्रैफिक जाम की परिस्थिति का सामना करना पड़ सकता है. नदियों और मौसमी नालों का जलस्तर बढ़ने तथा बिजली और पेयजल सेवाओं में अस्थायी बाधा आने की आशंका है. इसके अलावा खेतों में खड़ी फसल और खुले में रखी कृषि उपज को भी नुकसान पहुंच सकता है.
जोरदार बारिश की संभावना को देखते हुए IMD ने लोगों के लिए खास हिदायत दी है. लोगों से कहा गया है कि जलभराव वाले क्षेत्रों और नदी-नालों के पास जाने से बचें. गरज-चमक के दौरान कमजोर इमारतों और पेड़ों के नीचे खड़े न हों. खराब दृश्यता के कारण वाहन सावधानी से चलाएं. बिजली चमकने के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग न करें. किसान फिलहाल खेतों में काम रोक दें और खेतों में पानी निकासी की उचित व्यवस्था करें.
पिछले दो दिनों से हो रही तेज बारिश के कारण चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला (ट्राईसिटी) के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है. कई सड़कों पर पानी भरने और नालों के उफान पर आने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ. पीक आवर्स में लोगों को लंबा जाम और भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. मौसम विभाग ने लोगों से अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
