नई दिल्ली. न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान और चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग को इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने टीम का नया टेस्ट कोच बनाया है. उनको यह जिम्मेदारी दिए जाने के बाद से ही लगातार बयान आ रहे हैं. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने फ्लेमिंग को टीम की कमान संभालने से पहले सावधान किया है. माइकल वॉन ने सीएसके के साथ काम कर चुके इस दिग्गज को कहा कि आपको ध्यान रखना होगा कि इस टीम में कोई महेंद्र सिंह धोनी साथ नहीं होगा.
ब्रैंडन मैकुलम की जगह लेने वाले स्टीफन फ्लेमिंग के लिए इंग्लैंड की टेस्ट टीम को रास्ते पर लाने की जिम्मेदारी होगी. टीम में बड़े नाम और टैलेंटेड खिलाड़ी हैं लेकिन लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही है. मैकुलम से टेस्ट के कोच पद से हटा दिया गया. वहीं इंडियन प्रीमियर लीग की सफल फ्रेंचाइजी टीमों में एक चेन्नई सुपर किंग्स ने भी कुछ दिन पहले स्टीफन फ्लेमिंग से किनारा कर लिया था. कमाल की बात यह है कि उन्होंने इस टीम को 5 आईपीएल खिताब दिलाया था. हालांकि इसमें टीम के कप्तान रहे महेंद्र सिंह धोनी की भूमिका भी काफी अहम थी.

द टेलीग्राफ के लिए लिखते हुए माइकल वॉन ने फ्लमिंग को सावधान किया. उन्होंने लिखा, फ्लेमिंग एक बहुत ही सम्मानित कोच हैं. वो टीम को काफी अच्छे से मैनेज करने और बेहतर योजना बनाने के लिए जाने जाते हैं. मैंने उनको आईपीएल के दौरान देखा हुआ है. इंग्लैंड की टीम के साथ काम करते हुए उनको जिस एक परेशानी का सामना करना पड़ेगा वो यह कि महेंद्र सिंह धोनी के जैसा कप्तान नहीं होगा.
चेन्नई सुपर किंग्स की पूरी टीम को महेंद्र सिंह धोनी अच्छे से चलाया करते थे और पीछे रहकर फ्लेमिंग टीम के लिए योजना तैयार करते थे. उनके साथ एरिक सिमसन के रूप में एक बेहतरीन बॉलिंग कोच था. एक ऐसा शख्स जिसे सफेद बॉल को स्विंग कराने में महारथ हासिल थी. उनकी टीम में कोई तेज रफ्तार वाला गेंदबाज नहीं था लेकिन हुनर के दम पर विरोधियों को पस्त करना जानते थे. जो क्या मैं इस बात को मानकर चलूं कि रफ्तार को तवज्जो ना देकर हुनरमंद गेंदबाजों की इंग्लिश टीम में एंट्री होगी.

