नई दिल्ली. भारतीय टीम न्यूजीलैंड के दौरे पर वनडे सीरीज खेलने के लिए तैयार है. कीवी टीम को टी20 इंटरनेशनल सीरीज 3-2 से जीतने के बाद अब बदली हुई टीम और कप्तान के साथ खिलाड़ी खेलेंगे. दोनों देशों के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज 4 से 15 नवंबर तक खेली जाएगी. इस सीरीज के लिए भारतीय टीम में कई बड़े बदलाव किए गए हैं.
टी20 सीरीज में भारत की कप्तानी करने वाले श्रेयस अय्यर को वनडे टीम में भी जगह मिली है. उनके अलावा टी20 टीम के आठ खिलाड़ी वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे और उन्हें वापस भारत लौटना होगा. न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे मैचों के लिए भारत ने कुल 19 खिलाड़ियों का चयन किया है। इनमें से 12 खिलाड़ी सभी पांच मुकाबलों के लिए उपलब्ध रहेंगे। वहीं, नीतीश कुमार रेड्डी को केवल पहले वनडे के लिए टीम में शामिल किया गया है.

शुभमन गिल, केएल राहुल और अंशुल कंबोज शुरुआती तीन वनडे मैचों के लिए टीम का हिस्सा होंगे. दूसरी ओर, तिलक वर्मा, कुमार कुशाग्र और यश ठाकुर को आखिरी दो मुकाबलों के लिए चुना गया है.भारतीय वनडे और टेस्ट टीम के नियमित कप्तान शुभमन गिल शुरुआती तीन मुकाबलों में टीम की कमान संभालेंगे. उनकी गैरमौजूदगी में आखिरी दो वनडे मैचों के लिए श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया है. श्रेयस अय्यर अब तक भारत के लिए 26 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में कप्तानी कर चुके हैं. वनडे फॉर्मेट में उन्होंने अभी तक भारतीय टीम की अगुवाई नहीं की है. ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी दो मुकाबले उनके लिए कप्तानी के लिहाज से खास होंगे.
Final preps before action in Auckland 💪
#NZvIND ODIs loading! 🔜
#TeamIndia https://t.co/gSiiWLNakX
— BCCI (@BCCI) November 3, 2026
टी20 सीरीज खत्म होने के बाद भारतीय टीम में कुल 10 नए खिलाड़ियों को शामिल किया गया. आठ खिलाड़ी वनडे टीम से बाहर हो गए हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए शुभमन गिल, केएल राहुल, अंशुल कंबोज, रोहित शर्मा, विराट कोहली, गुरनूर बराड़, ऋतुराज गायकवाड़, मोहम्मद सिराज, अकिब नबी और यश ठाकुर को टीम में जगह मिली है. रोहित शर्मा, विराट कोहली, गुरनूर बराड़, ऋतुराज गायकवाड़, मोहम्मद सिराज और अकिब नबी पांचों वनडे मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे. यश ठाकुर को केवल आखिरी दो मुकाबलों के लिए चुना गया है. शुभमन गिल, केएल राहुल और अंशुल कंबोज शुरुआती तीन मैचों में खेल सकते हैं.
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में खेलने वाले आठ खिलाड़ियों को वनडे टीम में जगह नहीं मिली है. इनमें संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, प्रिंस यादव, मयंक यादव, भुवनेश्वर कुमार, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती और वैभव सूर्यवंशी शामिल हैं. ये सभी टी20 सीरीज समाप्त होने के बाद भारत लौटेंगे. इन आठ खिलाड़ियों में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने पांचों टी20 मुकाबलों में हिस्सा लिया था. वहीं, शिवम दुबे को पूरी सीरीज में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला.

