Commercial LPG Cylinder Prices Cut: देशभर में महंगाई के बीच कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती की है। दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 202 रुपये की कमी की गई है। सिलेंडर की नई कीमतें आज यानी 1 अगस्त 2026 से लागू हो गई हैं। इस फैसले से होटल, रेस्तरां, ढाबे, कैफे, चाय की दुकानों और अन्य छोटे-बड़े व्यवसायों को राहत मिलेगी। हालांकि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है।
प्रमुख शहरों में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतें
नई दरों के अनुसार दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 202 रुपये घटकर 2728 रुपये हो गई है, जबकि मुंबई में 202.50 रुपये की कटौती के बाद नई कीमत 2683 रुपये हो गई है। कोलकाता में सबसे अधिक 209 रुपये की कमी के बाद सिलेंडर अब 2872.50 रुपये में मिलेगा। गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी लगभग ₹202 से ₹203.50 तक की कटौती की गई है। कटौती के बाद गाजियाबाद में कीमत 2728 रुपये, गुरुग्राम में 2746 और फरीदाबाद में 2731 प्रति 19 किलोग्राम कमर्शियल सिलेंडर हो गई है। ये नई दरें 1 अगस्त से लागू हो गई हैं।
घरेलू सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं
इस बार 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। घरों में खाना बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले सिलेंडर पुराने दाम पर ही मिलेंगे। ऐसे में आम उपभोक्ताओं को फिलहाल कीमतों में किसी तरह की राहत नहीं मिली है। कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में कटौती के बाद अब आम लोग उम्मीद कर रहे हैं कि केंद्र सरकार जल्द ही घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में भी राहत दे सकती है। अगर भविष्य में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम घटते हैं, तो इसका सीधा लाभ करोड़ों परिवारों को मिलेगा और रसोई बजट पर पड़ने वाला बोझ कुछ कम हो सकता है।
ईरान-अमेरिका वॉर से सिलेंडर हुआ था महंगा
ईरान-अमेरिका के बीच बढ़े सैन्य तनाव का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। कच्चे तेल और एलपीजी की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में तेजी आने के कारण भारत में भी 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडरों के दाम लगातार बढ़ाए गए थे। इसका सीधा असर होटल, रेस्तरां, ढाबों, कैटरिंग सेवाओं और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पड़ा, क्योंकि उनकी परिचालन लागत बढ़ गई थी। अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में कुछ नरमी आने और सप्लाई की स्थिति बेहतर होने के बाद ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने कमर्शियल LPG सिलेंडर के दामों में 200 रुपये से अधिक की कटौती की है।

