
शीलू व उनके परिवार के लोग मुस्कान को दहेज कम लाने के ताने देते थे
Sheelu Balhara, (मेरा हरियाणा), रोहतक: इंटरनेशनल कबड्डी प्लेयर शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान द्वारा जान देने के मामले में पुलिस ने मुस्कान के पिता सुखबीर की शिकायत पर शीलू, उसके पिता सुरेंद्र, मां निशा और भाई मनीष के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है। महम के फरमाणा गांव निवासी सुखबीर ने बहु अकबरपुर थाने में दी शिकायत में कहा कि उनकी बेटी मुस्कान की शादी 8 दिसंबर 2023 में बहुअकबरपुर निवासी शीलू बल्हारा के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही शीलू व उनके परिवार के लोग मुस्कान को दहेज कम लाने के ताने देने लगे थे। पंचायत भी हुई, लेकिन बेटी की प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा।
शीलू के कई लड़कियो से अवैध, बेटी के साथ करता था मारपीट
सुखबीर का आरोप है कि मुस्कान को पता लग गया था कि शीलू के अवैध संबंध हैं। सबूत भी उसके हाथ लग गए थे। शीलू हमेशा मुस्कान से मारपीट करता रहता था। मुस्कान ने कई बार मुझे बताया कि शीलू मुझे तलाक देने को कह रहा है। पिता सुखबीर ने पुलिस को बताया कि करीब 15 दिन पहले मुस्कान रुठ कर घर आई हुई थी। उन्होंने उसे शीलू व उनके पिता सुरेंद्र के साथ समझाकर भेज दिया था। अब महसूस हो रहा है कि अगर बेटी की बात मान लेता तो वह जिंदा होती।
मुस्कान ने फोन पर बताया था, ससुराल वाले मारने की साजिश रच रहे हैं
पिता के मुताबिक, शुक्रवार को मुस्कान ने कॉल करके बताया था कि शीलू और उनके परिवार के लोग उसे मारने की साजिश रच रहे हैं। मुस्कान से दोबारा फोन से बात न होने के कारण वह परिवार के लोगों के साथ बहुअकबरपुर पहुंचा, जहां बेटी का शव चारपाई पर मिला। आरोप है कि उसकी बेटी की हत्या की गई है।
बहु अकबरपुर में किया मुस्कान का अंतिम संस्कार, पंचायत में हुआ फैसला
शीलू के रिश्ते में दादा लगने वाले विजयपाल ने बताया कि शनिवार को बहु अकबरपुर और फरमाणा गांव की पंचायत हुई। इसमें फैसला लिया गया कि मुस्कान का अंतिम संस्कार बहु अकबरपुर गांव में किया जाएगा। विजयपाल ने कहा कि मुस्कान ने सुसाइड किया है। घर में क्या हुआ था, इसकी जानकारी या तो मुस्कान को थी या फिर शीलू और उसके परिवार को। पंचायत शीलू, उसके भाई और माता-पिता को पुलिस के हवाले करेगी। सुसाइड के पीछे की वजह क्या रही, इसकी जांच अब पुलिस करेगी।
अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई
थाना बहुअकबरपुर के एसएचओ जसबीर ने बताया कि मृतका मुस्कान के पिता फरमाणा गांव निवासी सुखबीर के बयान पर पति बहुअकबरपुर निवासी टिंकू उर्फ शीलू, पिता सुरेंद्र, मां निशा व भाई मनीष के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने (दहेज मृत्यु) बीएनएस 80 व साजिश में शामिल होने की धारा 3 (5) के तहत एफआईआर दर्ज की है। आरोपी पक्ष से पूछताछ की जाएगी। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
शरीर पर चोट के निशान
उधर, मुस्कान के सुसाइड के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें परिवार की महिलाएं उसकी डेडबॉडी के पास नजर आ रही हैं। वीडियो में यह दावा भी किया जा रहा है कि मुस्कान के शरीर पर चोट के निशान हैं।
ये भी पढ़ें: मकान कब्जाने वाले वकील ने मकान मालकिन को मारी गोली, पुलिस के सामने दिनदहाड़े हुई वारदात, हिरासत में आरोपी

