पप्पू यादव का दावा, हमलावर चाकू लेकर मारने आया था।
Pappu Yadav, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर उनके दिल्ली में स्थित आवास पर रविवार शाम एक शख्स ने हमला कर दिया। पप्पू यादव प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे, इसी बीच एक आदमी ने उनके ऊपर चप्पल फेंक दी। इसके बाद पप्पू के समर्थकों ने उसके साथ मारपीट की।
पप्पू ने आरोप लगाया कि एक युवक ने चाकू लेकर उनकी हत्या की कोशिश की। यह विवाद उस घटना के एक दिन बाद हुआ है जब वाराणसी पुलिस ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी, निर्दलीय सांसद पप्पू यादव, समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद और कई अन्य विपक्षी नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
साधुओं ने पप्पू यादव के खिलाफ कराई एफआईआर दर्ज
यह एफआईआर संसद में हुए उस विरोध प्रदर्शन को लेकर दर्ज की गई, जिसमें कथित तौर पर सनातन धर्म का अपमान किया गया और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई। यह मामला साधुओं की शिकायत के बाद दर्ज किया गया। साधुओं ने राम मंदिर दान में कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर इंडी गठबंधन के सांसदों द्वारा किए गए एक सांकेतिक नाटक पर आपत्ति जताई थी।
संसद परिसर में चंदा चोरी का किया था नाटक
पप्पू यादव ने शुक्रवार को संसद में चंदा चोरी का नाटकर किया था, जिसके बाद लखनऊ के एक हिंदूवादी नेता ने उनका सिर लाने वाले को 51 लाख रुपए का इनाम देने का ऐलान किया था। हमले के बाद पप्पू यादव ने मीडिया से कहा- आपके सामने ही हमला हुआ है? मेरा का क्या गुनाह है? गुनाह बृजभूषण तिवारी का है, चंपत राय का है।
हमलावर प्रयागराज के अतीक अहमद हत्याकांड जैसी वारदात को अंजाम देने आए थे
पप्पू यादव के मीडिया संयोजक ने कहा, हमलावरों ने पहले चप्पल फेंकी, फिर चाकू निकालकर हमला करने की कोशिश की। दिल्ली पुलिस मूकदर्शक बनी रही और हमलावरों को बचाने में लगी थी। उनका दावा है कि हमलावर प्रयागराज के अतीक अहमद हत्याकांड जैसी वारदात को अंजाम देने आए थे।
ये भी पढ़ें: अजीत डोभाल बोले- आजादी का सही मतलब समझें युवा, आजादी मतलब मनमानी नहीं, जिम्मेदारी

