Independence Day 2026|Delhi Metro Open or Closed Tomorrow: 15 अगस्त 2026 को देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा. इस मौके पर लाल किले में होने वाले मेन समारोह को देखते हुए दिल्ली में ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था में कई बदलाव किए जाएंगे. ऐसे में लोगों की आवाजाही आसान रखने के लिए दिल्ली मेट्रो ने भी खास व्यवस्था की है.
सुबह 4 बजे से दौड़ेंगी मेट्रो ट्रेनें
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के अनुसार, 15 अगस्त को मेट्रो सेवा सुबह 4 बजे से शुरू होगी. ये सुविधा नेटवर्क के सभी टर्मिनल स्टेशनों से उपलब्ध रहेगी. सुबह के शुरुआती समय में सभी लाइनों पर ट्रेनें करीब 30 मिनट के अंतराल पर चलेंगी. ये विशेष व्यवस्था नियमित समय-सारणी के अनुसार सामान्य सेवाएं शुरू होने तक जारी रहेगी.
लाल किले पहुंचने वालों को मिलेगी राहत
स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए सुबह-सुबह लाल किले की ओर जाने वाले लोगों के लिए मेट्रो एक सुविधाजनक विकल्प हो सकती है. सुरक्षा कारणों से लाल किले और आसपास के इलाकों में कई सड़कों पर वाहनों की आवाजाही सीमित या डायवर्ट की जा सकती है.
ऐसे में निजी वाहन, टैक्सी या बस से सफर करने वालों को ट्रैफिक जाम, डायवर्जन और पार्किंग की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. मेट्रो से यात्रा करने पर इन दिक्कतों से काफी हद तक बचा जा सकता है.
लाल किले के पास ये मेट्रो स्टेशन रहेंगे अहम
लाल किले जाने वाले यात्रियों के लिए लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन सबसे नजदीकी विकल्पों में शामिल हैं. समारोह के दौरान इन स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना है.
यात्रियों को सलाह है कि वे घर से पर्याप्त समय लेकर निकलें. स्टेशन से बाहर निकलने के बाद सुरक्षा जांच, पैदल चलने और भीड़ के कारण लाल किले तक पहुंचने में सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा समय लग सकता है.
1.30 लाख विशेष QR टिकट की व्यवस्था
स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले आधिकारिक मेहमानों के लिए भी DMRC ने विशेष टिकट व्यवस्था की है. DMRC ने रक्षा मंत्रालय को 1.30 लाख प्री-वेंडेड QR टिकट उपलब्ध कराए हैं.
रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी वैध फिजिकल एडमिट कार्ड वाले आमंत्रित मेहमानों को निर्धारित मेट्रो स्टेशनों पर विशेष प्री-वेंडेड QR टिकट दिए जा सकेंगे.

