Jammu & Kashmir News: जम्मू एवं कश्मीर के किश्तवाड़ में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) की हत्या के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा कदम उठाया है। किश्तवाड़ पुलिस ने शुक्रवार को तीन आतंकवादियों के पोस्टर जारी किए हैं। पुलिस ने तीनों की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले को कुल 30 लाख रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है।
इन 3 आतंकवादियों के नाम
इन आतंकियों के नाम मोहम्मद अमीन उर्फ जहांगीर सरूरी, रियाज अहमद उर्फ हजारी और मुदस्सिर हुसैन शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, तीनों आतंकियों पर एसपीओ की हत्या में शामिल होने का आरोप है। आम लोगों से उनकी गतिविधियों और ठिकानों के बारे में जानकारी देने की अपील की गई है। सूचना देने के लिए 9797900958 और 1995357494 नंबर जारी किए गए हैं। पुलिस ने सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिया है।
2 एसपीओ की अगवा कर हत्या
किश्तवाड़ के दच्छन इलाके में बुधवार रात ड्यूटी पर जाते समय दो एसपीओ लापता हो गए थे। गुरुवार सुबह दोनों के शव जंगल में मिले। मृतकों की पहचान कियार गांव निवासी भवी चंद (57) और रशपाल कुमार (47) के रूप में हुई है। दोनों पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) में तैनात थे।
हत्या कर हथियार ले गए
पुलिस के अनुसार, दोनों बुधवार रात कियार गांव स्थित पुलिस कैंप से धरना-मरवाह की ओर सेना की पोस्ट पर पेट्रोलिंग ड्यूटी के लिए निकले थे। रास्ते में उनसे संपर्क टूट गया और मोबाइल फोन बंद हो गए। इसके बाद सेना, पुलिस और एसओजी ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। गुरुवार सुबह जंगल में दोनों के शव बरामद हुए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों को सिर और पेट में गोली मारी गई थी। घटनास्थल से पाकिस्तान निर्मित कारतूस के खोखे भी मिले हैं। आशंका है कि आतंकियों ने दोनों की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद घात लगाकर हमला किया। हमलावर उनके सरकारी इंसास और .303 राइफल भी अपने साथ ले गए।
हिजबुल के सरूरी पर शक
इस वारदात में दच्छन इलाके में लंबे समय से सक्रिय हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर जहांगीर सरूरी उर्फ मोहम्मद अमीन सरूरी पर शक जताया जा रहा है। वह ए++ श्रेणी का आतंकी है और करीब 35 वर्षों से सक्रिय बताया जाता है। उसके साथ रियाज अहमद और मुदस्सिर हुसैन के भी सक्रिय होने की सूचना है। एसओजी लंबे समय से सरूरी की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। पुलिस ने अब तीनों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पोस्टर जारी कर इनाम घोषित किया है।

