Haryana news: हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने हांसी के जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर किसान नेताओं द्वारा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण न करने देने की चेतावनी पर संयमित रुख अपनाते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस का पावन अवसर किसी भी प्रकार के विरोध के लिए उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को कोई शिकायत या समस्या है तो उन्हें मुख्यमंत्री से सीधे मिलकर अपनी बात रखनी चाहिए।
मंत्री श्याम सिंह राणा रादौर विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा के समापन के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसान यूनियनों को अपनी बात रखने और स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने का अधिकार है, लेकिन उन्हें हमेशा देशहित और राष्ट्रहित में अच्छे एवं राष्ट्रप्रेमी फैसले लेने चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा और राष्ट्रवाद किसी एक व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि पूरे भारतवर्ष और प्रत्येक भारतवासी का है।
देश की स्वतंत्रता के लिए अनेकों क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी- कृषि मंत्री
कृषि मंत्री ने कहा कि रादौर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य देश को आजादी दिलाने वाले क्रांतिकारियों और बलिदानियों को नमन करना तथा आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन से प्रेरणा देना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद की भावना को सदैव जीवित रखने के लिए हमें अपने महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद रखना चाहिए।उन्होंने कहा कि वर्ष में कम से कम एक बार इन महान आत्माओं का स्मरण करना आवश्यक है, क्योंकि देश की स्वतंत्रता के लिए अनेकों क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी।

