Varanasi airport firing news: वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार को हड़कंप मच गया। हथियार की जांच के दौरान अचानक चली गोली से दो लोग घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सुबह 9.30 बजे घटी उस समय घटी जब एयरपोर्ट पर एक यात्री के हथियार की जांच की जा रही थी।
लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली
वाराणसी एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, मुंबई जाने वाली IX-1810 फ्लाइट में सफर करने वाला एक यात्री अपनी पत्नी के साथ एयरपोर्ट पहुंचा था। यात्री ने विमान में ले जाने वाले हथियार की घोषणा की थी। यात्री आजमगढ़ का रहने वाला है और पूर्व सैनिक है। वह अपनी पत्नी के साथ मुंबई जा रहा था।
अचानक हो गई फायरिंग
अथॉरिटी के मुताबिक, हथियार की जांच के दौरान यात्री से अचानक एक राउंड फायर हो गया। गोली चलने से दो AAICLAS स्क्रीनर्स घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। उनकी स्थिति को लेकर फिलहाल एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से डिटेल जानकारी सामने नहीं आई है।
जांच के दौरान हुई घटना
गोमती जोन डीसीपी नीतू कादयान ने बताया कि यात्री अपने साथ लाइसेंसी पिस्टल लेकर आए थे। चेकिंग के दौरान लाइसेंसी पिस्टल की जांच और राउंड की काउंटिंग किए जाने के दौरान अचानक गोली चल गई। गोली महिला के पैर और पास खड़े एक अन्य व्यक्ति के अंगूठे में लग गया, जिससे दोनों घायल हो गए।
एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर इसकी जांच शुरू कर दी। वहीं, एयरपोर्ट पर थोड़ी देर तक इस घटना को लेकर अफरा-तफरी का माहौल रहा। दोनों घायल कर्मचारियों की हालत के बारे में जानने के लिए उनकी साथी कर्मचारी परेशान रहे।

