
25 अगस्त तक दोनों कंपनियों के हेलीकाप्टर पहुंच जाएंगे होली व भरमौर
Manimahesh Yatra, (द भारत ख़बर) होली (चंबा): श्री मणिमहेश यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम आवागमन के लिए हेलीकॉप्टर सेवा की आॅनलाइन बुकिंग शुरू कर दी गई है। एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षित आवागमन और यात्रा के दौरान जरूरी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। इस बार भी भरमौर के अलावा होली हेलीपैड से भी गौरीकुंड के लिए हेली टैक्सी सेवा उपलब्ध होगी।
भरमौर व होली से गौरीकुंड के लिए दो-दो हेली टैक्सी उड़ेंगी। भरमौर से गौरीकुंड तक थंबी एविएशन व राजस एयरोस्पोर्ट प्राइवेट लिमिटेड सेवाएं देंगी। वहीं होली से गौरी कुंड के लिए थंबी एविएशन व चिप्स एविएशन विमानन कंपनियां श्रद्धालुओं के लिए हेली टैक्सी सुविधा उपलब्ध करवाएंगी। 25 अगस्त तक दोनों कंपनियों के हेलीकाप्टर होली व भरमौर पहुंच जाएंगे।
25 अगस्त से शुरू होगी मणिमहेश यात्रा
बता दें कि चंबा जिले के भरमौर में उत्तर भारत की कठिन धार्मिक यात्राओं में शुमार श्री मणिमहेश यात्रा इस बार 25 अगस्त से 20 सितंबर तक होने जा रही है। इस दौरान यात्रा जहां पैदल की जा सकती है तो वहीं चलने फिरने में असमर्थ लोग हेलीकॉप्टर के जरिए यात्रा कर सकते हैं। गौरतलब है कि मणिमहेश यात्रा हिमाचल प्रदेश की प्रमुख धार्मिक यात्राओं में से एक है। इस धार्मिक यात्रा में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु भाग लेते हैं।
6255 रुपए होगा एक तरफ का किराया
होली से गौरीकुंड के लिए दोनों कंपनियां 6255 रुपए एक तरफा किराया वसूल करेंगी। पिछली बार होली से गौरीकुंड के लिए एक तरफ का किराया 4995 रुपए प्रति यात्री निर्धारित था। इस बार किराये में 1300 रुपए से अधिक की बढ़ोतरी हुई है।
भरमौर से 3828 रुपए किराया
वहीं भरमौर से गौरीकुंड के लिए एक तरफ का किराया प्रति यात्री 3828 रुपए रहेगा। होली से उड़ने वाली हेली टैक्सी सेवाओं के लिए आनलाइन के साथ आॅफलाइन भी टिकट उपलब्ध होंगे। हेली टैक्सी के माध्यम से भरमौर से गौरीकुंड तक का ट्रैक पांच से सात मिनट में तय हो जाता है। जबकि होली से गौरीकुंड तक उड़ान भरने में 14 से 15 मिनट का समय लगेगा।
मणिमहेश यात्रा पर ये चीजें हैं प्रतिबंधित
- छोटी क्षमता युक्त पानी की बोतलों की बिक्री प्रतिबंधित।
- नमकीन आदि के छोटे पैकेटों की बिक्री प्रतिबंधित।
- बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित।
- इको सेंसिटिव जोन में प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री पर प्रतिबंध।
ये भी पढ़ें: नवजात बच्चों को सोने की अंगूठी देगी तमिलनाडु सरकार, कब शुरू होगी योजना?
