
हैंड ग्रेनेड, एके-47 और हिजबुल मुजाहिदीन के पोस्ट बरामद
Terrorist Arrest, (द भारत ख़बर), श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में पुलिस, सेना और सीआरपीएफ ने आतंक के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग अभियानों में छह संदिग्ध आतंकी मददगारों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से हैंड ग्रेनेड, एके-47 की मैगजीन, कारतूस और आपत्तिजनक पोस्टर बरामद किए गए हैं।
आतंकियों के पास से मिले पोस्टर हिजबुल मुजाहिदीन के हैं। वहीं, पुलवामा में भी सुरक्षाबलों ने यरवान जंगल में सर्च आॅपरेशन के दौरान दो संदिग्ध आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक पिस्तौल, 12 कारतूस और हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं।
हीरपोरा इलाके तीन लोगों को लिया हिरासत में
पहली कार्रवाई हीरपोरा इलाके में नाका चेकिंग के दौरान हुई। सुरक्षाबलों ने जेके18बी-6130 नंबर की एक मोटरसाइकिल को रोककर उस पर सवार तीन लोगों को हिरासत में लिया। उनकी पहचान कुलगाम के चद्दर निवासी जुनैद मुजफ्फर डार, आमिर यूसुफ और मतलहामा निवासी जुनैद बशीर डार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से दो हैंड ग्रेनेड और आपत्तिजनक पोस्टर बरामद किए गए। इस मामले में हीरपोरा थाने में केस दर्ज किया गया है।
इमामसाहिब इलाके से एके-47 की दो मैगजीन सहित 3 लोग गिरफ्तार
वहीं, दूसरी कार्रवाई इमामसाहिब इलाके में पुलिस, 34 राष्ट्रीय राइफल्स और सीआरपीएफ की 178वीं बटालियन की संयुक्त गश्त के दौरान की गई। टीम ने तीन संदिग्धों को पकड़ा।
तलाशी में एक हैंड ग्रेनेड, एके-47 की दो मैगजीन, 20 कारतूस और आपत्तिजनक पोस्टर बरामद हुए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अनंतनाग निवासी हारिस मंजूर, आशिक हुसैन और आरिफ अहमद कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां
सुरक्षा एजेंसियां अब दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों की गतिविधियों और संभावित आतंकी संपर्कों की जांच कर रही हैं। जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद हथियार और आपत्तिजनक सामग्री कहां से आई और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है।
