
अधिकारी बोले- घूमने आते हैं, फिर शरण मांगते
US Visa Cancellation, (द भारत ख़बर), वाशिंगटन: अमेरिकी सरकार 2 लाख विदेशी नागरिकों के बिजनेस (बी1) और टूरिस्ट वीजा (बी2) रद्द करने की तैयारी कर रही है। सरकार की नजर उन लोगों पर है जो टूरिस्ट या बिजनेस वीजा लेकर अमेरिका पहुंचे, लेकिन बाद में वहीं रहने के लिए शरण मांगने लगे। इनमें 2016 से 2026 के बीच जारी किए गए वीजा शामिल हैं।
अमेरिकी विदेश विभाग आने वाले हफ्तों में इसकी घोषणा कर सकता है। अगर ऐसा हुआ तो यह अमेरिकी इतिहास में वीजा रद्द करने की सबसे बड़ी कार्रवाई होगी। अमेरिकी उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडो ने कहा कि कुछ लोग टूरिस्ट या बिजनेस वीजा लेकर अमेरिका आते हैं और फिर वहां रहने के लिए शरण का आवेदन करते हैं।
क्या वीजा रद्द होने पर तुरंत अमेरिका से निकाल देंगें
नहीं। वीजा रद्द होने का मतलब यह नहीं है कि किसी व्यक्ति को तुरंत अमेरिका से बाहर भेज दिया जाएगा। अगर किसी व्यक्ति ने अमेरिका में शरण के लिए आवेदन किया है और उसका मामला अभी चल रहा है, तो वह कुछ समय तक अमेरिका में रह सकता है। हालांकि, उसका टूरिस्ट (बी2) या बिजनेस (बी1) वीजा मान्य नहीं रहेगा। गौरतलब है कि अमेरिकी विदेश विभाग ने वीजा रद्द होने वाले लोगों की संख्या बताने से इनकार कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक यह प्रक्रिया अलग-अलग चरणों में चलेगी, इसलिए संख्या बदल सकती है।
पिछले 18 महीनों में 1.75 लाख वीजा रद्द हो चुके
बी1 वीजा कारोबार या बिजनेस से जुड़े कामों के लिए दिया जाता है। वहीं बी2 वीजा पर्यटन, रिश्तेदारों से मिलने या इलाज के लिए जारी किया जाता है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि इन वीजा धारकों में से कितने लोगों ने अमेरिका में शरण मांगी है या उनका आवेदन अभी विचाराधीन है। अमेरिकी विदेश विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 18 महीनों में करीब 1.75 लाख वीजा रद्द किए जा चुके हैं। इनमें ऐसे लोग भी शामिल हैं, जिन पर अपराध के आरोप थे या जो अपराध में दोषी पाए गए थे।
