नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या करीब पांच महीने से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं. अब उनकी वापसी लगभग तय मानी जा रही है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हार्दिक चोट से पूरी तरह से उबर चुके हैं और उनको चयनकर्ता अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में उतार सकते हैं. अगले महीने भारतीय टीम को अपने घर पर तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में खेलना है.
अफगानिस्तान पहली बार भारत के खिलाफ टी20 सीरीज की मेजबानी करने जा रहा है. दिल्ली में वो भारत के खिलाफ इस द्वीपक्षीय सीरीज की मेजबानी करेगा. हार्दिक के अलावा ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी भी चोट से उबरकर सलेक्शन के लिए उपलब्ध बताए जा रहे हैं. अच्छी बात ये भी है कि वॉशिंगटन सुंदर भी चोट से रिकवर कर चुके हैं. उनको भी फिटनेस क्लियरेंस मिलने की उम्मीद की जा रही है. अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जाने वाली सीरीज के लिए उनके नाम पर विचार किया जा सकता है.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार हार्दिक पंड्या और नितीश कुमार रेड्डी दोनों बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में लंबे समय से ट्रेनिंग कर रहे हैं. चोट से उबरकर दोनों ही ट्रेनिंग में जुटे हुए हैं. हार्दिक और नितीश इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी से पहले पूरी तरह से मैच फिट होने के लिए ये ट्रेनिंग कर रहे हैं. वॉशिंगटन सुंदर को लेकर अब तक ज्यादा खबरें नहीं आ रही लेकिन बताया जा रहा है कि वो उनकी रिकवरी भी काफी अच्छी चल रही है. अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली सलेक्शन कमेटी इस सप्ताह अफगानिस्तान के खिलाफ तीन टी20 मैचों के लिए भारतीय टीम का चयन कर सकती है.
बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया कि फिलहाल लक्ष्य अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज है. चोट से उबर रहे इन खिलाड़ियों पर टीम मैनेजमेंट ज्यादा वर्क लोड नहीं डालना चाहती है. पंड्या और नितीश दोनों काफी समय से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हैं. नितीश आमतौर पर वीकेंड पर घर जाते हैं, जबकि हार्दिक ने अपना बेस भी बेंगलुरु में शिफ्ट कर लिया है.

