नई दिल्ली. इंग्लैंड क्रिकेट के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक का नाम दुनिया के महानतम ओपनर में गिना जाता है. एक ऐसा खिलाड़ी जिसने 12 साल इंटरनेशनल क्रिकेट में धमाल मचाया. उन्होंने एक ऐसा अनोखा रिकॉर्ड बनाया जिसे तोड़ना बहुत ही मुश्किल है. अपने टेस्ट करियर के दौरान इस ओपनर ने 15 अलग अलग बल्लेबाजों के साथ पारी की शुरुआत की थी.
इंग्लैंड क्रिकेट के इतिहास में एलिस्टर कुक का नाम महान ओपनर में लिया जाता है. बाएं हाथ के इस दिग्गज बैटर ने अपने टेस्ट करियर में 12472 रन बनाए. इंग्लैंड के टेस्ट इतिहास में इतने रन आज तक किसी भी ओपनर ने नहीं बनाए. टेस्ट क्रिकेट में जो कारनामा कुक ने किया वो अब तक दूसरा कोई भी बैटर नहीं कर पाया. उन्होंने एक दिलचस्प रिकॉर्ड बनाया जो अटूट है. टेस्ट मैचों में 15 अलग-अलग खिलाड़ियों के साथ ओपनिंग की. पूर्व इंग्लिश कप्तान ने साल 2006 में भारत के खिलाफ नागपुर टेस्ट से इंटरनेशनल क्रिकेट की शुरुआत की थी. कमाल की बात यह है कि करियर का अंत भी टीम इंडिया के खिलाफ ही किया.
कुक ने शुरुआती दौर में एंड्रयू स्ट्रॉस के साथ पारी का आगाज किया. कुक और स्ट्रॉस की जोड़ी इंग्लैंड की सबसे सफल सलामी जोड़ियों में से एक रही. इन दोनों ही ओपनर्स ने मिलकर 5000 से ज्यादा रन जोड़े. 2012 में स्ट्रॉस ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया. इसके बाद कुक को कोई नियमित ओपनर साथी नहीं मिला. ओपनिंग करने वाले खिलाड़ियों में लगातार बदलाव होता रहा. कुक के साथ टेस्ट में ओपनिंग करने वाले खिलाड़ियों में एंड्रयू स्ट्रॉस, माइकल वॉन, इयान बेल, जोनाथन ट्रॉट, निक कॉम्पटन, जो रूट, सैम रॉबसन, एडम लिथ, मोईन अली, एलेक्स हेल्स, बेन डकेट, हसीब हमीद, कीटन जेनिंग्स और मार्क स्टोनमैन शामिल रहे. यहां तक कि मिडिल आर्डर में दमदार बल्लेबाजी से नाम बनाने वाले जो रूट और मोईन अली तक को पारी की शुरुआत करने भेजा गया.
मार्च 2006 में भारत के खिलाफ टेस्ट करियर की शुरुआत करने वाले एलिस्टर कुक ने सितंबर 2018 में अपना आखिरी मुकाबला भारतीय टीम के खिलाफ ओवल में खेला. उन्होंने 161 टेस्ट में इंग्लैंड के लिए कुल 12472 रन जिसमें 33 शतक और 57 अर्धशतक शामिल थे. 2018 में भारत के खिलाफ द ओवल में कुक ने अपना आखिरी टेस्ट खेला. इस मुकाबले में पहली पारी में 71 जबकि दूसरे में उन्होंने 147 रन की बेमिसाल पारी खेल डाली. मैच में कुल 218 रन बनाए थे.

