नई दिल्ली. पाकिस्तान के खिलाफ खेली जा रही टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ने जमकर कहर ढाया है. पहले दो मुकाबले में विकटों की झड़ी लगाने वाले ओली रॉबिन्सन ने तीसरे टेस्ट की पहली पारी में भी गदर काटा. पाकिस्तान के खिलाफ बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले जा रहे तीसरे और आखिरी टेस्ट के पहले दिन इस तेज गेंदबाज ने इतिहास रच दिया. रॉबिन्सन ने सैम अयूब को बिना खाता खोले आउट कर अपने टेस्ट करियर के 100 विकेट पूरे किए. इसके साथ ही उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में नया कारनामा कर दिखाया. पाकिस्तान की पूरी टीम पहली पारी में महज 133 रन पर ही ढेर हो गई.
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन ने पाकिस्तान के खिलाफ बर्मिंघम टेस्ट की पहली पारी में महज 15 रन देकर 3 विकेट झटके. उन्होंने इस दौरान अपने विकटों का शतक पूरा किया. टेस्ट में 100 विकेट हासिल करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में वो सबसे ऊपर पहुंच गए. बेहतरीन गेंदबाजी औसत के मामले में रॉबिन्सन ने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़ दिया.
100th Test Match wicket for Ollie Robinson! 👏 pic.twitter.com/5086Dqe038
— England Cricket (@englandcricket) September 9, 2026
पाकिस्तान के ओपनर सैम अयूब का विकेट लेकर उन्होंने 100वां विकेट हासिल किया. पहले दिन लंच तक रॉबिन्सन के नाम 101 टेस्ट विकेट हो चुके थे. इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 19.23 था . 100 या उससे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाजों में यह सातवां सबसे बेहतरीन औसत है. उनसे आगे जॉर्ज लोहमान (10.75), सिडनी बार्न्स (16.43), चार्ली टर्नर (16.53), बॉबी पील (16.98), जॉनी ब्रिग्स (17.75) और कॉलिन ब्लाइथ (18.63) हैं. टेस्ट क्रिकेट में 100 से ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाजों में 20 से कम का औसत रखने वाले दूसरे गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हैं. भारतीय टीम के अनुभवी गेंदबाज ने अब तक 234 टेस्ट विकेट चटकाए हैं. इस दौरान उनका औसत 19.79 का रहा है. इस तरह रॉबिन्सन ने मौजूदा दौर के तेज गेंदबाजों में एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली.
Robinson gets another ☝️
Click here for live updates 👉https://t.co/VUdUehsgT2 pic.twitter.com/aBBEhObETK
— England Cricket (@englandcricket) September 9, 2026
पाकिस्तान के लिए अब तक इंग्लैंड का ये दौरा बेहद निराशाजनक रहा है. पहले टेस्ट मैच में पारी से हार मिली तो दूसरा मुकाबला 194 रन से गंवाया. तीसरे मैच से पहले 7 खिलाड़ियों को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने वापस बुला लिया. टेस्ट के कोच तक को टीम से बाहर कर दिया गया. इस मैच में टॉस जीतकर इंग्लैंड के कप्तान ने पहले गेंदबाज चुनी. रॉबिन्सन ने पाकिस्तान की पारी के पहले ओवर में ही सैम अयूब के खिलाफ एलबीडब्ल्यू की अपील की. अयूब ने डीआरएस लिया और फैसला उनके पक्ष में चला गया. लेकिन अगले ही ओवर में रॉबिन्सन ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया. इसके बाद उन्होंने अब्दुल्ला शफीक को वापस भेजा. रॉबिन्सन ने 3 विकेट झटके. जोश टंग ने तीन बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया जबकि जोफ्रा आर्चर ने दो सफलता हासिल की.

