नई दिल्ली. भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले का इतंजार हर एक क्रिकेट फैन को रहता है. राइजिंग एशिया कप में दोनों टीमें एक बार फिर से खेलने उतरेंगी. एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने दोहा में होने वाले राइजिंग एशिया कप 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया है. टूर्नामेंट में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है. दोनों टीमें 22 नवंबर को वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने होंगी. इस ग्रुप में नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की टीमें भी शामिल हैं.
राइजिंग एशिया कप में आमतौर पर टीमें अपनी ‘ए’ टीम भेजती हैं. साल 2025 में खेले गए पिछले एडिशन में जितेश शर्मा ने भारतीय टीम की कप्तानी की थी. उस टीम में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी शामिल थे.टूर्नामेंट के ज्यादातर मुकाबले वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे. इसी मैदान पर 29 नवंबर को फाइनल भी आयोजित होगा. यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी (UDST) क्रिकेट ग्राउंड पर बाकी मुकाबले होंगे. टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच 19 नवंबर को खेला जाएगा.
राइजिंग एशिया कप 2025 में भारत ए ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी. टीम ने ग्रुप बी के पहले मुकाबले में UAE को 148 रन से हराया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 297/4 का बड़ा स्कोर बनाया. जवाब में UAE की टीम 149/7 रन ही बना सकी. अगले ही मैच में भारत ए को पाकिस्तान ए के खिलाफ आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा. भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 136 रन पर सिमट गई थी. पाकिस्तान ने लक्ष्य महज 13.2 ओवर में हासिल कर लिया. भारत ने ओमान के खिलाफ अपने आखिरी ग्रुप मैच में वापसी की और छह विकेट से जीत दर्ज कीॉ. टीम ने 13 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बनाई, जहां उसका सामना बांग्लादेश ए से हुआ.
राइजिंग एशिया कप 2026 का पूरा शेड्यूल
| तारीख | मुकाबला | समय (भारतीय समयानुसार) | वेन्यू |
|---|---|---|---|
| 19 नवंबर, गुरुवार | बांग्लादेश बनाम हांगकांग | सुबह 9:00 बजे | UDST |
| 19 नवंबर, गुरुवार | श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान | दोपहर 1:00 बजे | WEICS |
| 20 नवंबर, शुक्रवार | पाकिस्तान बनाम UAE | सुबह 9:00 बजे | UDST |
| 20 नवंबर, शुक्रवार | भारत बनाम नेपाल | दोपहर 1:00 बजे | WEICS |
| 21 नवंबर, शनिवार | श्रीलंका बनाम हांगकांग | सुबह 9:00 बजे | UDST |
| 21 नवंबर, शनिवार | बांग्लादेश बनाम अफगानिस्तान | दोपहर 1:00 बजे | WEICS |
| 22 नवंबर, रविवार | UAE बनाम नेपाल | सुबह 9:00 बजे | UDST |
| 22 नवंबर, रविवार | भारत बनाम पाकिस्तान | दोपहर 1:00 बजे | WEICS |
| 23 नवंबर, सोमवार | अफगानिस्तान बनाम हांगकांग | सुबह 9:00 बजे | UDST |
| 23 नवंबर, सोमवार | श्रीलंका बनाम बांग्लादेश | दोपहर 1:00 बजे | WEICS |
| 24 नवंबर, मंगलवार | भारत बनाम UAE | सुबह 9:00 बजे | UDST |
| 24 नवंबर, मंगलवार | पाकिस्तान बनाम नेपाल | दोपहर 1:00 बजे | WEICS |
| 26 नवंबर, गुरुवार | सेमीफाइनल-1 (A1 बनाम B2) | दोपहर 1:00 बजे | WEICS |
| 27 नवंबर, शुक्रवार | सेमीफाइनल-2 (B1 बनाम A2) | दोपहर 1:00 बजे | WEICS |
| 29 नवंबर, रविवार | फाइनल | दोपहर 1:00 बजे | WEICS |
बांग्लादेश ए के खिलाफ सेमीफाइनल बेहद रोमांचक रहा. बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 194/6 रन बनाए. भारतीय टीम भी निर्धारित ओवरों में इतने ही रन बना सकी. इसके बाद मुकाबले का फैसला सुपर ओवर से हुआ. बांग्लादेश ने सुपर ओवर में बाजी मारकर भारत ए को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया. इसके बाद पाकिस्तान ए ने दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका ए को पांच रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई. खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान और बांग्लादेश दोनों ने 125 रन बनाए, जिसके बाद मैच का फैसला भी सुपर ओवर में हुआ. पाकिस्तान ए ने सुपर ओवर जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया.

