25 Years of 9/11 Attack: अमेरिका में हुए 9/11 आतंकी हमलों की आज 25वीं बरसी है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमले में मारे गए लोगों को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी और उनके परिवारों के प्रति एकजुटता जताई। पीएम मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लंबे समय से जारी लड़ाई का भी जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर 9/11 मेमोरियल एंड म्यूजियम की तस्वीरें शेयर करते हुए कहा कि 25 साल पहले हुए उन भयावह हमलों में जान गंवाने वाले लोगों को आज याद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद ने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में अनगिनत लोगों की जान ली है और भारत कई दशकों से सीमा पार आतंकवाद का पीड़ित रहा है। पीएम मोदी ने अपने संदेश में आतंकवाद के बदलते स्वरूप का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके सभी रूपों के खिलाफ भारत का संकल्प और विरोध अडिग है।
9/11 हमले को आज 25 साल पूरे
11 सितंबर 2001 को अमेरिका में हुए आतंकी हमले आधुनिक इतिहास की सबसे भयावह आतंकी घटनाओं में शामिल हैं। अल-कायदा से जुड़े 19 आतंकियों ने चार कमर्शियल विमानों को हाईजैक किया था। दो विमानों को न्यूयॉर्क स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के ट्विन टावरों से टकराया गया। तीसरा विमान अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन से जा टकराया। चौथे विमान यूनाइटेड एयरलाइंस फ्लाइट 93 के यात्रियों और क्रू ने आतंकवादियों के खिलाफ प्रतिरोध किया। विमान बाद में पेंसिल्वेनिया में एक खुले मैदान में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इन हमलों में 2,977 लोगों की मौत हुई थी। न्यूयॉर्क में 2753, पेंटागन में 184 और फ्लाइट 93 में 40 लोगों की जान गई थी।
25 years on from the horrific 9/11 attacks, we remember and honour the victims and stand in solidarity with the families whose lives were forever changed.
Terrorism has claimed countless lives around the world. As a victim of cross-border terrorism, India has been at the… pic.twitter.com/hGhbMwFyke
— Narendra Modi (@narendramodi) September 11, 2026
पीएम मोदी ने भारत का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में भारत को आतंकवाद का लंबे समय से पीड़ित देश बताते हुए कहा कि देश कई दशकों से इस चुनौती के खिलाफ लड़ाई में सबसे आगे रहा है। उन्होंने आतंकवाद को वैश्विक चुनौती बताते हुए इसके सभी रूपों के खिलाफ सामूहिक प्रयास की जरूरत पर जोर दिया। पीएम मोदी का यह संदेश ऐसे समय आया है जब भारत अपनी आतंकवाद-रोधी नीति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर लगातार जोर देता रहा है। भारत सरकार ने फरवरी 2026 में देश की पहली व्यापक राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी नीति और रणनीति ‘प्रहार’ भी पेश की थी। गृह मंत्रालय के मुताबिक इसका उद्देश्य आतंकवादी गतिविधियों और कट्टरपंथ की रोकथाम तथा उनके खिलाफ समन्वित कार्रवाई के लिए एक व्यापक ढांचा तैयार करना है।
25 साल बाद भी जारी है याद और श्रद्धांजलि
9/11 की 25वीं बरसी पर न्यूयॉर्क स्थित नेशनल सितंबर 11 मेमोरियल एंड म्यूजियम में विशेष स्मरण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार पीड़ितों के परिवारों के सदस्य समारोह में मृतकों के नाम पढ़ेंगे। इस साल के समारोह में 2001 के हमलों और 1993 के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर बम धमाके में मारे गए लोगों के नाम पढ़े जा रहे हैं। इसके अलावा हमले के अलग-अलग महत्वपूर्ण क्षणों को याद करते हुए मौन रखा जा रहा है। 25वीं बरसी का एक बड़ा उद्देश्य उस पीढ़ी तक 9/11 की कहानी और उसके प्रभाव को पहुंचाना भी है, जो उस दिन के बारे में अपनी प्रत्यक्ष याद नहीं रखती। करीब 10 करोड़ अमेरिकी ऐसे हैं, जो हमले के समय पैदा नहीं हुए थे या इतने छोटे थे कि उन्हें उस दिन की याद नहीं है।

