फरीदाबाद. हरियाणा के फरीदाबाद में 7 सितंबर को सेक्टर-3 स्थित वाल्मीकि मंदिर के पास युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान धर्मेन्द्र उर्फ लाला (26), निवासी गांव रहेड़ा, मथुरा, हाल डबुआ कॉलोनी और मनीष (22), निवासी डबुआ कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है. वारदात में शामिल एक अन्य आरोपित आशीष की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं. उधर, पुलिस ने शुक्रवार को आरोपियों की परेड निकाली. बताया जा रहा है कि महिला से बातचीत को लेकर रंजिश में वारदात को अंजाम दिया.
एसीपी क्राइम अमन यादव ने बताया कि 7 सितंबर को निपुण कुमार पटेल (27), निवासी सेक्टर-3, पूजा करने के लिए वाल्मीकि मंदिर आया था. इसी दौरान नकाबपोश बाइक सवार आरोपितों ने उसके साथ मारपीट कर चाकू से कई वार किए. गंभीर रूप से घायल निपुण का अस्पताल में उपचार चल रहा है. मामले में पीड़ित के चाचा धनंजय कुमार पटेल की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था.
पूछताछ में सामने आया कि धर्मेन्द्र की पहले डबुआ कॉलोनी में रहने वाली एक महिला से जान-पहचान थी. बाद में महिला सेक्टर-3 में रहने लगी और निपुण के संपर्क में थी. इसी बात को लेकर धर्मेन्द्र निपुण से रंजिश रखने लगा. उसने आशीष और मनीष के साथ मिलकर निपुण पर हमला करने की योजना बनाई. वारदात के दौरान तीनों ने पहचान छिपाने के लिए नकाब पहन रखा था. धर्मेन्द्र अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और साथियों ने निपुण पर चाकू से हमला कर दिया.
ब्लाइंड केस का खुलासा
वारदात के बाद अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने गुप्त सूत्रों और तकनीकी सहायता से आरोपितों की पहचान की तथा दोनों को 10 सितम्बर को गिरफ्तार कर लिया. आरोपितों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा. वारदात में प्रयुक्त हथियार सहित अन्य साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ की जा रही है. धर्मेन्द्र आठवीं पास और अविवाहित है तथा उसके खिलाफ थाना डबुआ में पहले भी लड़ाई-झगड़े का मामला दर्ज है. मनीष तीन कक्षा तक पढ़ा है और शादीशुदा है. फरार आरोपित आशीष की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है.
