नई दिल्ली. देशभर में एक बार फिर से मानसून का कहर देखने को मिल रहा है. रविवार को भी इसकी सक्रियता बनी हुई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों में देश के कई राज्यों में जोरदार बारिश की चेतावनी जारी की है. राजधानी दिल्ली में मौसम अगले कुछ दिनों तक हल्की से जोरदार बारिश की संभावना है. तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश हो सकती है. पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 13 सितंबर तक कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है.
राजधानी दिल्ली में 13 सितंबर को सुबह से आसमान में बादल छाए रहेंगे. यहां हल्की बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है. जोरदार बारिश ना होने की वजह से दिल्ली और आर पास के इलाकों में उमस अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए इन दिनों के दौरान किसी बड़े खतरे या चेतावनी की घोषणा नहीं की है.
तमिलनाडु के पश्चिमी घाट से जुड़े जिलों में 13 सितंबर की देर शाम से हल्की बारिश होने का अनुमान है. राज्य के कई इलाकों का तापमान बढ़ने की उम्मीद जताई गई है. मन्नार की खाड़ी, इससे सटे दक्षिणी तटीय इलाकों और कोमोरिन सागर में 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने मछुआरों के लिए चेतावनी जारी की है.
दिल्ली से सटे पंजाब और हरियाणा में 13 सितंबर तक भारी बारिश होने का अनुमान है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी इस अवधि तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है. लोगों को बिना जरूरी काम के घर से बाहर ना निकलने की सलाह दी गई है.
राजस्थान में 13 सितंबर को बारिश होने की संभावना है. उत्तराखंड में मानसूनी गतिविधियां आने वाले दिनों में जारी रहने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 9 से 13 सितंबर के बीच बारिश हो सकती है.
हिमाचल प्रदेश में अब तक मानसूनी बारिश सामान्य से 9 प्रतिशत कम दर्ज की गई है. अगले पांच से सात दिनों में मानसून कमजोर रहने की संभावना है और भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. 13 सितंबर के बाद निचले पहाड़ी, मैदानी और मध्य-पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियों में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है. अगले सात दिनों में किसी बड़े भारी बारिश वाले सिस्टम की संभावना नहीं जताई गई है.

