नई दिल्ली. पूरे देश में अब ठंड ने दस्तक दे दी है. कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के दौरान कई राज्यों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है.
ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं तेलंगाना में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. चक्रवात अर्णब के कमजोर अवशेष और पश्चिमी विक्षोभ का असर भी कुछ इलाकों में देखने को मिल रहा है.
मौसम विभाग के मुताबिक देश की राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश जारी रहने की उम्मीद है. अगले कुछ दिनों तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. 1 नवंबर को भारी बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है.
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है. शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में मौसम बदल सकता है. वहीं बिलासपुर, मंडी, हमीरपुर और ऊना समेत मैदानी व मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में 1 से 3 नवंबर तक मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है.
पूर्वी उत्तर प्रदेश में शनिवार को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. बारिश का सिलसिला 4 नवंबर तक जारी रहने की संभावना है. बिहार में भी अगले कुछ दिनों तक छिटपुट बारिश का अनुमान है.
ओडिशा में 1 और 3 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है. वहीं 2 नवंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 1 नवंबर को भारी तथा 2 नवंबर को बहुत भारी बारिश होने की आशंका है. यहां 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
छत्तीसगढ़ में 1 और 2 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है. 3 और 4 नवंबर को भी बारिश का दौर जारी रह सकता है. मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश में 2 और 3 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है. असम और मेघालय में भी बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है.

