CBI Takes Over Disha Salian Case: दिवंगत बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर दिशा सालियान की मौत का मामला 6 साल बाद एक बार फिर सुर्खियों में है। बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीबीआई ने मुंबई पुलिस से केस से जुड़े दस्तावेज और रिकॉर्ड भी मांगे हैं। जांच शुरू होने के बाद शुक्रवार को दिशा के पिता सतीश सालियान का बयान भी दर्ज किया गया। दिशा सालियान की मौत 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक ऊंची इमारत से गिरने के बाद हुई थी। उनकी मौत के छह दिन बाद 14 जून 2020 को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की भी मौत हुई थी। दिशा कुछ समय तक सुशांत की मैनेजर रही थीं।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद शुरू हुई नई जांच
बॉम्बे हाईकोर्ट ने 2 सितंबर 2026 को दिशा सालियान की मौत के मामले में CBI जांच का आदेश दिया था। जस्टिस सारंग कोतवाल और जस्टिस आर. आर. भोंसले की पीठ ने CBI को FIR दर्ज करने और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच करने का निर्देश दिया। अदालत ने मुंबई पुलिस को मामले से जुड़े सभी रिकॉर्ड CBI को सौंपने को भी कहा। कोर्ट ने करीब छह साल तक जांच चलने के बावजूद FIR दर्ज नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाए। अदालत के मुताबिक शुरुआती जांच में ऐसी कई विसंगतियां सामने आईं, जिनके कारण मामले की विस्तृत और स्वतंत्र जांच जरूरी हो गई। कोर्ट ने यह साफ किया कि जांच में पर्याप्त सामग्री मिलने तक किसी व्यक्ति को आरोपी नहीं माना जाए।
मुंबई पुलिस की जांच में क्या सामने आया था?
दिशा की मौत के बाद मुंबई पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट यानी ADR दर्ज की थी। पुलिस की जांच का निष्कर्ष था कि दिशा ने आत्महत्या की थी और मामले में किसी तरह की आपराधिक साजिश या फाउल प्ले नहीं था। हालांकि दिशा के पिता सतीश सालियान ने बाद में इस पर सवाल उठाते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया। उन्होंने अपनी बेटी की मौत को संदिग्ध बताते हुए स्वतंत्र जांच की मांग की थी। उनके मुताबिक मामले में कई ऐसे पहलू हैं, जिनकी दोबारा जांच जरूरी है। हाईकोर्ट भी अपने आदेश में कहा कि पुलिस की करीब छह साल चली जांच कई सवालों का जवाब देने के बजाय नए सवाल खड़े करती है। इसी आधार पर अदालत ने CBI को मामले की नए सिरे से जांच करने का निर्देश दिया।
CBI ने मुंबई पुलिस से मांगे केस के दस्तावेज
हाईकोर्ट के आदेश के बाद CBI ने मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए मालवणी पुलिस से केस से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं। मुंबई पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक केस से संबंधित रिकॉर्ड तैयार रखे गए हैं और इन्हें CBI को सौंपा जा रहा है। इन दस्तावेजों में शुरुआती जांच से जुड़े रिकॉर्ड और अब तक पुलिस के पास मौजूद केस सामग्री शामिल है। अब CBI यह जांच करेगी।

