Gallantry Awardees to Get Lifetime Train Travel: देश के लिए असाधारण वीरता दिखाने वाले सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान में रक्षा मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया है। मंत्रालय ने सेना मेडल (गैलेंट्री), नौसेना मेडल (गैलेंट्री) और वायु सेना मेडल (गैलेंट्री) से सम्मानित सैन्यकर्मियों के लिए भारतीय रेलवे में आजीवन ट्रेन यात्रा सुविधा को मंजूरी दी है। इस सुविधा का लाभ पात्र पुरस्कार विजेताओं के साथ उनके परिजनों को भी मिलेगा। पुरस्कार विजेता की मृत्यु के बाद उनके विधवा या विधुर को यह सुविधा पुनर्विवाह तक उपलब्ध रहेगी। अविवाहित पुरस्कार विजेताओं के माता-पिता को भी इस सुविधा के दायरे में रखा गया है।
फर्स्ट क्लास, सेकंड AC और एसी चेयर कार में यात्रा
पात्र लाभार्थियों को भारतीय रेलवे में फर्स्ट क्लास, सेकंड AC (2AC) और AC Chair Car में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा आजीवन लागू रहेगी और इसका उद्देश्य वीरता पुरस्कार विजेताओं और उनके परिवारों के लिए यात्रा को आसान बनाने के साथ उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करना है। रक्षा मंत्रालय के फैसले को लागू करने के लिए कागज रहित डिजिटल व्यवस्था तैयार की गई है। पात्र लाभार्थियों को सबसे पहले इंडियन रेलवे कंसेसन कार्ड पोर्टल (IRCCP) पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा। सत्यापन पूरा होने के बाद उनके लिए e-Pass ऑनलाइन जारी किया जाएगा। इसके बाद लाभार्थी IRCTC के वेब पोर्टल के जरिए ट्रेन टिकट बुक कर सकेंगे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार इस सुविधा के तहत टिकट बुकिंग की प्रक्रिया 1 नवंबर 2026 से शुरू होगी।
सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान की दिशा में कदम
रक्षा मंत्रालय का यह फैसला वीरता पुरस्कार प्राप्त सैन्यकर्मियों के साथ उनके परिवारों के प्रति सम्मान और कल्याण की भावना को मजबूत करता है। देश की सुरक्षा और सेवा में असाधारण साहस दिखाने वाले जवानों को दिए जाने वाले इन वीरता सम्मानों के साथ यात्रा की यह सुविधा उनके और उनके पात्र परिजनों के लिए व्यावहारिक मदद भी उपलब्ध कराएगी। डिजिटल e-Pass व्यवस्था से सुविधा का लाभ लेने की प्रक्रिया भी पहले की तुलना में अधिक सरल और सुविधाजनक होने की उम्मीद है। पात्र लाभार्थियों को रजिस्ट्रेशन और यात्रा से पहले संबंधित आधिकारिक नियमों और दस्तावेजों की आवश्यकताओं की जांच करनी होगी।

