भिवानी. हरियाणा के चर्चित सिंगर दिलेर खरकिया की रेंज रोवर गाड़ी पर फायरिंग की गई है. सिंगर के घर के बाहर अज्ञात बदमाशों ने सिंगर पर फायर किए, जिसमें वह बाल-बाल बच गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में कर रही है.
उधर, सोशल मीडिया पर पंडित नाम से डाली गई पोस्ट में फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई है. इसमें लिखा है कि कॉल का जवाब दो नहीं तो तेरी छाती में गोली लगेगी. सोशल मीडिया पर पोस्ट में हिमांशु सोनीपत, हैरी बॉक्सर, हरमन संधू और अनिल पंडित के नाम लिखे गए हैं.. पुलिस पोस्ट की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पोस्ट किसने और किस उद्देश्य से डाली है.
कौन है सिंगर दिलेर खरकिया
भिवानी के गांव खरक में प्रसिद्ध रागनी कलाकार राजेंद्र खरकिया के घर के बेटे दिलेर खरकिया हैं. पिता की तरह ही उन्होंने नौ वर्ष की उम्र में गाना शुरू किया था. खरकिया का जन्म 8 अगस्त 1997 को हुआ है. वह अब तक ‘लीलो चमन’, ‘मोटो’, ‘जूती काली’, ‘हाई कोर्ट’, ‘कबूतरी’ और ‘आलू मटर’ जैसे चर्चित गाने गा चुके हैं. गौर रहे कि दिलेर ने साल 2018 में म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा था.

