MP News: मध्य प्रदेश से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। प्रदेश के आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर के पास बीती रात मूसलधार बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तेज बारिश के बीच पानी के तेज बहाव में एक कार नाले में बह गई। हादसे में कार सवार 3 बच्चों, 3 पुरुषों और 2 महिलाओं सहित कुल 8 लोगों की मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा?
बताया जा रहा है कि बीती रात क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इस दौरान श्रद्धालुओं से भरी कार नाले में पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गई और बह गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए कार और शवों को नाले से बाहर निकालने की कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस घटना की परिस्थितियों और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
लोगों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए। तेज बहाव में बही कार और उसमें सवार लोगों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे नियंत्रित करते हुए पुलिस ने बचाव कार्य की कमान संभाली। नलखेड़ा में मौके पर पहुंचे आगर मालवा कलेक्टर और एसपी से नाराज लोगों ने नारेबाजी की है।
माता का दर्शन करने गए थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, कार में सवार लोग आगर मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन हेतु आए थे। लखुंदर नदी के तट पर स्थित यह मंदिर एक प्रमुख धार्मिक स्थल है।
24 घंटे में 3.7 इंच बारिश
नलखेड़ा में पिछले 24 घंटों में 3.7 इंच तेज बारिश दर्ज की गई है, जिसका सबसे अधिक प्रभाव रात के समय रहा। मुख्य मार्ग से मंदिर तक जाने के लिए श्रद्धालुओं को एक पुलिया पार करनी पड़ती है, जिसके ठीक नीचे से एक बरसाती नाला बहता है। मूसलाधार बारिश की वजह से इस नाले में पानी का बहाव बहुत ज्यादा तेज हो गया था, जिससे यह दर्दनाक हादसा घटित हुआ।

