नई दिल्ली. देश के कई हिस्सों में अब भी मानसून पूरी तरह से सक्रिय है. 23 सितंबर को लेकर मौसम विभाग (IMD) की तरफ से जो जानकारी दी गई है इसके अनुसार दिल्ली का मौसम शुष्क बना रहेगा, पंजाब, हिमाचल और हरियाणा के कई राज्यों में बारिश की संभावना है. वहीं ओडिशा, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. बात करें मध्य, पूर्वी और दक्षिण इलाकों की तो यहां पर कुछ हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश का पूर्वानुमान है.
देश की राजधानी दिल्ली में बुधवार को लोगों को बारिश की वजह से परेशानी होती नहीं दिखती. मौसम विभाग की तरफ से बताया गया है कि दिनभर मौसम शुष्क रहेगा. IMD ने दिल्ली और आसपास के एनसीआर क्षेत्र के लिए फिलहाल कोई बहुत बड़ी चेतावनी जारी नहीं की है. अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में बारिश के आसार कम ही बताए जा रहे हैं. सप्ताह के बाद के दिनों में बरसात हो सकती है. पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बुधवार को मौसम खुशनुमा बना रहेगा. कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. 28 सितंबर तक इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान है.
महाराष्ट्र के कोंकण और गोवा क्षेत्र में बुधवार को भारी मात्रा में बारिश होने का पूर्वानुमान जताया जा रहा है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. मध्य महाराष्ट्र के पुणे, नासिक, सोलापुर, कोल्हापुर, सांगली, सातारा, धुले, जलगांव, अहिल्यानगर और छत्रपति संभाजीनगर समेत कई इलाकों में लोगों को बारिश और बिजली गिरने की वजह से सावधान किया गया है. मराठवाड़ा के छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड, लातूर, जालना, बीड, धाराशिव, परभणी और हिंगोली में बुधवार को छिटपुट बारिश की संभावना है.
अब बात उत्तर प्रदेश की करें तो यहां बुधवार को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. राजधानी लखनऊ, बस्ती, गोरखपुर और भी कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. गुरुवार से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है और 25 सितंबर से राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. झारखंड में बुधवार को राज्य भर में झमाझम बारिश की चेतावनी जारी की गई है. ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. बाढ़ की मार झेल रहे बिहार में बुधवार को भी बारिश का अनुमान लगाया गया है. गुरुवार और शुक्रवार को बिहार के कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी है.

