
Delhi Terror Network Bust: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। पुलिस की नजर कई दिनों से संदिग्ध की सोशल मीडिया गतिविधियों पर थी। उससे पूछताछ के बाद अब जांच एजेंसियां उसके संपर्कों और संभावित नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। इस घटनाक्रम को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे ठीक पहले गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने वडोदरा में जैश से संबंध रखने वाले युवक को गिरफ्तार किया था। आरोपी के पास से AK-47 जैसी असॉल्ट राइफल, कारतूस, मोबाइल फोन और जैश का झंडा बरामद किया गया।
आरोपी पर भारतीय वायुसेना के स्टेशन समेत संवेदनशील सुरक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की साजिश रचने का आरोप है। दोनों राज्यों में जैश-ए-मोहम्मद से संबंधों के मामलों के सामने आने के बाद जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इन घटनाओं के पीछे कोई साझा नेटवर्क काम कर रहा है। दिल्ली पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दिल्ली में पकड़े गए संदिग्ध का गुजरात में गिरफ्तार मोहम्मद सहारुल इस्लाम से कोई संपर्क था या नहीं।
दिल्ली में स्पेशल सेल ने की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 28 नवंबर को जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध को पकड़ा है। स्पेशल सेल की टीम कई दिनों से संदिग्ध की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रख रही थी। उसे पहले पूछताछ के लिए बुलाया गया और इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। जांच एजेंसियों को आशंका है कि सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित करने और उन्हें आतंकी नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरफ्तार संदिग्ध किन लोगों के संपर्क में था और क्या उसे किसी बाहरी हैंडलर से निर्देश मिल रहे थे।
गुजरात ATS ने भी पकड़ा जैश का संदिग्ध
दिल्ली की कार्रवाई से पहले गुजरात ATS ने 26 नवंबर की रात वडोदरा में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय मोहम्मद सहारुल इस्लाम कबीरुद्दीन को गिरफ्तार किया था। वह असम के करीमगंज जिले का रहने वाला बताया गया है। आरोपी को हलोल-वडोदरा रोड पर एक होटल के पास उस समय पकड़ा गया, जब वह दाहोद से हथियार लेकर लौट रहा था। ATS का आरोप है कि वह जैश-ए-मोहम्मद के संपर्क में था और उसे एक सुरक्षा प्रतिष्ठान पर हमले की जिम्मेदारी दी गई थी।
तलाशी के दौरान उसके पास से AK-47 जैसी दिखने वाली ऑटोमैटिक असॉल्ट राइफल, मैगजीन, कारतूस, जैश-ए-मोहम्मद का झंडा, दो मोबाइल फोन, सिम कार्ड और नकदी बरामद होने की जानकारी दी गई। इस मामले में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
वायुसेना स्टेशन की रेकी करने का आरोप
गुजरात ATS की जांच में सामने आया है कि आरोपी ने वडोदरा स्थित भारतीय वायुसेना स्टेशन की रेकी की थी। अधिकारियों के अनुसार उसके मोबाइल फोन से वायुसेना स्टेशन के प्रवेश द्वार की तस्वीरें और वीडियो मिले हैं। जांच एजेंसियों को संदेह है कि इन जानकारियों को किसी अन्य व्यक्ति या हैंडलर के साथ साझा किया गया था। आरोपी पाकिस्तान में मौजूद जैश के एक हैंडलर के संपर्क में था। उसे हथियार और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के लिए आर्थिक मदद दिए जाने का भी आरोप है। जांच का एक अहम पहलू यह पता लगाना है कि हथियार कहां से आया था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
