Delhi News: दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में मंगलवार देर रात प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मैक्स हॉस्पिटल रोड पर स्थित मदीना मस्जिद के ऊपरी हिस्से और उसके आसपास बने घरों पर बुलडोजर चलाया गया। आरोप है कि यह कार्रवाई आधी रात को की गई, जिसके बाद सियासत भी गरमा गई है।
सड़क चौड़ीकरण के तहत कार्रवाई
प्रशासन की ओर से यह कार्रवाई सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट के तहत की गई है। मैक्स हॉस्पिटल वाली मेन रोड पर स्थित मदीना मस्जिद के ऊपरी हिस्से और उसके आसपास बने कई मकानों को इस कार्रवाई में डिमोलिश किया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस रोड को चौड़ा करने के लिए पहले भी कई बार अतिक्रमण हटाओ अभियाना चलाया जा चुका है। हालांकि, इस बार की कार्रवाई रात के अंधेरे में और भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
AIMIM ने खोला मोर्चा
मस्जिद पर कार्रवाई की सूचना मिलते ही AIMIM के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष शोएब जमई मौके पर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शोएब जमई ने इस कार्रवाई को पूरी तरह से असंवैधानिक और गैर-कानूनी करार दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रात के अंधेरे में मस्जिद पर बुलडोजर चलाया गया था, उसी पैटर्न पर दिल्ली के शालीमार बाग में भी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली को सहारनपुर पार्ट-2 नहीं बनने दिया जाएगा। शोएब जमई ने एक और गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब डिमोलिशन टीम मस्जिद के अंदर दाखिल हुई, तो मस्जिद के इमाम को अंदर रखी पवित्र किताबें, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान तक बाहर निकालने की मोहलत नहीं दी गई। इस बात को लेकर स्थानीय लोगों में भी काफी नाराजगी है।
सड़क चौड़ीकरण के लिए कार्रवाई जरूरी
फिलहाल, प्रशासन ने अपनी कार्रवाई को सड़क चौड़ीकरण के लिए जरूरी बताया है। वहीं इस डिमोलिशन के बाद किसी भी तरह के तनाव या कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए पूरे इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

